विश्व

यूक्रेन युद्ध खत्म करने को तैयार पुतिन ट्रंप ने किया बड़ा दावा

nidhi
11 Sept 2026 9:19 AM IST
यूक्रेन युद्ध खत्म करने को तैयार पुतिन ट्रंप ने किया बड़ा दावा
x
ट्रंप का दावा

वॉशिंगटन: रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने की कोशिशों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने कहा है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के लिए समझौता करना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में पुतिन के साथ उनकी बातचीत हुई और यह बातचीत काफी सकारात्मक रही। हालांकि यूक्रेन और यूरोप के कई अधिकारी अभी भी इस बात को लेकर आश्वस्त नहीं हैं कि रूस वास्तव में युद्ध खत्म करने के लिए तैयार है।

ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पुतिन समझौता करना चाहते हैं और अगर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की भी इसके लिए तैयार होते हैं तो यह अच्छी बात होगी। ट्रंप के मुताबिक रूस और यूक्रेन के बीच शांति की राह में दोनों देशों के नेतृत्व के बीच गहरे मतभेद भी बड़ी बाधा बने हुए हैं।
पुतिन से हुई ट्रंप की बातचीत
ट्रंप और पुतिन के बीच मंगलवार को फोन पर करीब एक घंटे बातचीत हुई थी। यह बातचीत ऐसे समय हुई जब अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर मॉस्को और कीव का दौरा कर चुके थे। दोनों अमेरिकी प्रतिनिधि युद्ध समाप्त करने के संभावित प्रस्तावों पर रूस और यूक्रेन के नेतृत्व के साथ चर्चा कर रहे हैं। अमेरिकी प्रशासन पिछले कुछ समय से रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त कराने के लिए कूटनीतिक प्रयास तेज कर रहा है। विटकॉफ और कुशनर ने पुतिन तथा जेलेंस्की के साथ कई घंटे तक बातचीत की। हालांकि अभी तक ऐसा कोई समझौता सामने नहीं आया है जिसे युद्ध समाप्त करने की दिशा में निर्णायक सफलता कहा जा सके।
जेलेंस्की ने भी दिए सकारात्मक संकेत
यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने भी अमेरिकी प्रतिनिधियों की ओर से रखे गए कुछ प्रस्तावों को उपयोगी बताया है। उन्होंने कहा कि शांति वार्ता को लेकर कुछ अच्छे विचार सामने आए हैं, लेकिन उनका जोर इस बात पर है कि बातचीत केवल चर्चा तक सीमित न रहे बल्कि ठोस नतीजे भी निकले। रूस और यूक्रेन के बीच सबसे बड़ा विवाद पूर्वी यूक्रेन के क्षेत्रों को लेकर बना हुआ है। डोनबास और अन्य कब्जे वाले इलाकों की स्थिति तथा यूक्रेन की भविष्य की सुरक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों पर दोनों पक्षों के रुख में बड़ा अंतर है। इसी वजह से पिछले शांति प्रयास किसी निर्णायक समझौते तक नहीं पहुंच सके हैं।
पुतिन के इरादों पर अब भी सवाल
ट्रंप भले ही दावा कर रहे हों कि पुतिन समझौता चाहते हैं, लेकिन अमेरिका, यूक्रेन और यूरोप के कुछ अधिकारी रूसी राष्ट्रपति की मंशा को लेकर संदेह जता रहे हैं। युद्ध के मैदान में दोनों तरफ से हमले जारी हैं और हाल के दिनों में मिसाइल तथा ड्रोन हमलों में भी तेजी देखी गई है। ऐसे में ट्रंप के बयान से शांति की उम्मीद जरूर बढ़ी है, लेकिन वास्तविक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि रूस और यूक्रेन क्षेत्रीय विवाद, सुरक्षा गारंटी और युद्धविराम की शर्तों पर कितना समझौता करने को तैयार होते हैं। फिलहाल दुनिया की नजर अमेरिका की मध्यस्थता में आगे होने वाली बातचीत पर टिकी है।
Next Story