विश्व

आने वाले दिनों में पुतिन और ट्रंप की नहीं होगी मुलाकात, यूक्रेन पर मिसाइलों से फिर हमला

Nil dhankar
22 Oct 2025 2:25 PM IST
आने वाले दिनों में पुतिन और ट्रंप की नहीं होगी मुलाकात, यूक्रेन पर मिसाइलों से फिर हमला
x

विश्व की बड़ी खबर. रूस-यूक्रेन के बीच युद्ध खत्म कराने की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कोशिशें नाकाम होती दिख रही हैं. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ट्रंप आनेवाले कुछ हफ्तों के अंदर मुलाकात करने वाले थे लेकिन यह मुलाकात फिलहाल स्थगित कर दी गई है. अमेरिका का कहना है कि रूस सीजफायर के लिए राजी नहीं है इसलिए दोनों नेताओं की बैठक नहीं हो सकती. वहीं, राष्ट्रपति ट्रंप कह रहे हैं कि वो पुतिन के साथ ऐसी कोई बैठक नहीं करना चाहते जो बेकार साबित हो.

इसी बीच रूस ने यूक्रेन पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया है. यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि रूसी मिसाइल और ड्रोन हमलों में यूक्रेन में छह लोगों की मौत हो गई है जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं. अधिकारियों ने बताया कि रूसी हमले में पूरे देश में बिजली गुल होने की घटनाएं हुई हैं.

कीव के सैन्य प्रशासन प्रमुख, तिमुर त्काचेन्को ने टेलीग्राम ऐप पर कहा कि रूसी हथियारों के मलबे से यूक्रेन की राजधानी (कीव) में आग लग गई और शहर के आधे जिलों में आग फैली. यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के मुख्य सचिव एंड्री यरमाक ने टेलीग्राम पोस्ट में कहा, 'यूक्रेन ने अमेरिका के युद्धविराम प्रस्ताव को बहुत पहले ही मान लिया था, जबकि रूस हर संभव कोशिश कर रहा है कि हत्याएं होती रहें. इसका मतलब है कि फिलहाल पुतिन के खिलाफ सामूहिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, और हम सभी को मिलकर और कोशिश करनी होगी ताकि वो हमारे लोगों की हत्या रोक सके.'

Next Story