विश्व
पुतिन और ट्रंप के बीच अगले सप्ताह हो सकती है मुलाकात, अमेरिकी राष्ट्रपति ने पहले ही दिए थे संकेत
jantaserishta.com
8 Aug 2025 9:13 AM IST

x
मास्को: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि उन्हें अगले सप्ताह की शुरुआत में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ एक शिखर बैठक की उम्मीद है, जिसमें संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) एक संभावित स्थान के रूप में उभर रहा है।
रूसी राष्ट्रपति के सहायक यूरी उशाकोव ने पुष्टि की कि मास्को और वाशिंगटन ने अगले कुछ दिनों में राष्ट्रपति स्तर की बैठक आयोजित करने पर सहमति जताई है। अमेरिका ने इस उच्च-स्तरीय द्विपक्षीय वार्ता की पहल की है।
उन्होंने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के इस विचार का समर्थन किया कि दोनों नेताओं के पास अब बातचीत के लिए कई महत्वपूर्ण मुद्दे हैं। पुतिन ने कहा कि रूस के कई दोस्त हैं जो उनके और अमेरिकी नेता के बीच मुलाकात कराने में मदद करने को तैयार हैं। इनमें से एक दोस्त यूएई के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नहयान हैं।
न्यूयॉर्क टाइम्स ने पहले ही अपनी एक रिपोर्ट में मुलाकात की योजना के बारे में बताया था। बताया था कि ट्रंप अगले सप्ताह रूस के राष्ट्रपति पुतिन से व्यक्तिगत रूप से मिलने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद वे पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ त्रिपक्षीय बैठक करेंगे। यह योजना बुधवार को ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और पुतिन के बीच तीन घंटे की बैठक के बाद सामने आई। बुधवार को यूरोपीय नेताओं के साथ बातचीत में ट्रंप ने कहा था कि इन बैठकों में केवल वे, पुतिन और जेलेंस्की शामिल होंगे, कोई यूरोपीय नेता नहीं।
जब पुतिन से जेलेंस्की के साथ मुलाकात की संभावना के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि ऐसी बैठक के लिए अभी परिस्थितियां तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से हम अभी भी जरूरी परिस्थितियां बनाने से बहुत दूर हैं।
रशियन डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट फंड के प्रमुख किरिल दिमित्रिएव, जिन्होंने विटकॉफ को हवाई अड्डे पर स्वागत किया, ने कहा कि पुतिन और ट्रंप की मुलाकात रूस-अमेरिका के बीच संबंधों को नया जोश देगी। उन्होंने बताया कि इस बातचीत से रूस अपनी बात स्पष्ट रूप से रख सकेगा।
दिमित्रिएव, जो रूस के राष्ट्रपति के निवेश और आर्थिक सहयोग के लिए विशेष दूत भी हैं, ने कहा कि यह मुलाकात अमेरिकी भागीदारों को यह बताने का मौका देती है कि रूस की आर्थिक वृद्धि ब्रिटेन और यूरोपीय संघ की अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में कहीं बेहतर है, जो ठहराव का सामना कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि हमें आर्कटिक परियोजनाओं, दुर्लभ धातुओं और बुनियादी ढांचे के विकास में अमेरिकी निवेशकों के साथ मिलकर काम करने की बड़ी संभावनाएं दिखती हैं। उनका कहना है कि रूस-अमेरिका के बीच बातचीत को फिर से शुरू करने से रूसी कंपनियों और रूसी बाजार में निवेश करने वाले अमेरिकी निवेशकों दोनों को फायदा होगा।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





