विश्व

शंघाई शिखर सम्मेलन में पुतिन और जिनपिंग के बीच मुलाकात हुई, यूक्रेन युद्ध को लेकर दुनिया पर भड़के

Rounak Dey
16 Sep 2022 4:42 AM GMT
शंघाई शिखर सम्मेलन में पुतिन और जिनपिंग के बीच मुलाकात हुई, यूक्रेन युद्ध को लेकर दुनिया पर भड़के
x
पुतिन मुलाकात करेंगे। वह व्यापार, रूस के फर्टिलाइजर और खाद्य सप्लाई पर चर्चा करेंगे।'

ताशकंद: उज्बेकिस्तान के समरकंद में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन शुरू हो गया है। 15-16 सितंबर तक यह सम्मेलन चलेगा। इस सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने मुलाकात की। यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद जिनपिंग और पुतिन की यह पहली फेस टू फेस बैठक है। चीन और ताइवान से जुड़े तनाव पर जिनपिंग को पुतिन का समर्थन मिला है। रूस के व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि रूस 'एक चीन नीति' (One China Policy) का समर्थन करता है।


पुतिन ने ये बयान ऐसे समय में दिया है जब अगस्त में ही अमेरिकी कांग्रेस की स्पीकर नैंसी पेलोसी ने ताइवान की यात्रा की थी। उनकी यात्रा को चीन ने उकसावे की कार्रवाई बताया और ताइवान के करीब युद्धाभ्यास किया। यूक्रेन युद्ध को लेकर दुनिया के रवैए पर भी पुतिन भड़के। उन्होंने कहा कि दुनिया को एक ध्रुवीय बनाने की कोशिश हो रही है। पुतिन ने इसके साथ ही कहा कि यूक्रेन मामले पर चीन की संतुलित स्थिति को रूस महत्व देता है। उन्होंने कहा कि आपके (चीन) मन में इससे जुड़े सवाल होंगे, जिस पर हम अपनी स्थिति साफ करेंगे।


कोरोना के बाद पहली बार चीन से बाहर निकले जिनपिंग
कोरोना महामारी की शुरुआत के बाद ये चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की पहली विदेश यात्रा है। पुतिन के साथ मुलाकात के दौरान जिनपिंग ने रूस के साथ सहयोग की प्रतिबद्धता जताई। चीन ने इस दौरान यूक्रेन पर रूस के हमले को आक्रमण कहने से परहेज किया। रूस इसे विशेष सैन्य अभियान बताता है। SCO मीटिंग के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पुतिन की मुलाकात भी होगी। रूस की ओर से कहा गया, 'पीएम मोदी और पुतिन मुलाकात करेंगे। वह व्यापार, रूस के फर्टिलाइजर और खाद्य सप्लाई पर चर्चा करेंगे।'


Next Story