विश्व

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- विश्व संगठन पर उठे कई बड़े सवाल, अब सुधार का वक्त

Subhi
26 Sept 2021 6:59 AM IST
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- विश्व संगठन पर उठे कई बड़े सवाल, अब  सुधार का वक्त
x
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, संयुक्त राष्ट्र को प्रासंगिकता कायम रखने के लिए अपनी प्रभावशीलता सुधारनी और विश्वसनीयता बढ़ानी होगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, संयुक्त राष्ट्र को प्रासंगिकता कायम रखने के लिए अपनी प्रभावशीलता सुधारनी और विश्वसनीयता बढ़ानी होगी। मोदी ने कहा, संयुक्त राष्ट्र पर कई तरह के सवाल उठाए गए। अब वक्त है इन सवालों की समीक्षा के बाद सुधार किया जाए। उनका इशारा वैश्विक संस्था द्वारा चीन की गतिविधियों के प्रति ढुलमुल रवैया अपनाने की ओर था। डब्ल्यूएचओ पर तो चीन की कठपुतली होने का भी आरोप लगा।

भारत के विकास के साथ पूरा विश्व आगे बढ़ेगा
मोदी ने भारत के वैश्विक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, हमारा देश सबको साथ लेकर चलता है। जब भारत विकास करेगा तो उसके साथ पूरा विश्व आगे बढ़ेगा। इसी तरह भारत में होने वाले बदलावों का असर पुरी दुनिया में दिखेगा। आज दुनिया का हर छठा व्यक्ति भारतीय है। उन्होंने कहा, हमारे यहां विज्ञान व प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हो रहे नवोन्मेष विश्व के कल्याण में बड़ा योगदान देंगे।
भाजपा और संघ पर पाकिस्तानी पीएम इमरान खान के प्रोपगेंडा का जवाब देते हुए पीएम ने दीनदयाल उपाध्याय का जिक्र किया। दीनदयाल को एकात्म मानववाद का प्रणेता बताते हुए कहा कि उनका चिंतन आज भी बेहद प्रासंगिक है। खास बात है कि उनकी आज जयंती भी है। एकात्म मानववाद के सिद्धांत को समझाते हुए उन्होंने कहा कि यह स्व (अपने आप) से समस्ति तक विकास और विस्तार की सह यात्रा है।
यह समाज से जुड़ने की प्रक्रिया है। यह चिंतन अंत्योदय को समर्पित है। अंत्योदय को आज की परिभाषा में कहा जा सकता है कि जहां कोई छूटे नहीं। इसी भावना के साथ आज भारत इंटीग्रेटेड, इक्विटेबल और डेवलपमेंट की राह पर बढ़ रहा है। विकास सब तक पहुंचे यही भारत की प्राथमिकता है।
डीएनए आधारित वैक्सीन बनाने वाला पहला देश बना भारत
मोदी ने कहा, कोरोना से जंग में भारत डीएनए आधारित टीका तैयार करने वाला पहला देश बना है। इसे 12 वर्ष से अधिक उम्र वालों को लगाया जा सकता है। यही नहीं भारत का कोविन पोर्टल ने टीकाकरण को डिजिटल स्वरूप दिया। दुनिया के कई बड़े देशों में टीकाकरण के बाद पर्ची दी गई जबकि हमारे देश में डिजिटल प्रमाण पत्र जारी हुए।
भारत-अमेरिका के रिश्ते और मजबूत होंगे : मोदी
न्यूयॉर्क। अमेरिका की तीन दिवसीय यात्रा समाप्त कर भारत रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस दौरे में उन्होंने कई द्विपक्षीय और बहुपक्षीय उपयोगी बातचीत की। उन्होंने कहा कि इस दौरान कई मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से चर्चा की और संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें यकीन है कि आने वाले वर्षों में भारत और अमेरिका के रिश्ते और मजबूत होंगे। मोदी शनिवार की रात न्यूयॉर्क से भारत के लिए रवाना हो गए। विदेश सचिव हर्षवर्धन शृंगला ने पीएम की इस यात्रा को अत्यंत सफल करार दिया है।


Next Story