विश्व

सूरीनाम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय समुदाय को किया संबोधित

Nilmani Pal
7 Jun 2023 1:47 AM GMT
सूरीनाम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय समुदाय को किया संबोधित
x

सूरीनाम। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इन दिनों सूरीनाम के दौरे पर हैं। उन्होंने मंगलवार देर रात (भारतीय समयानुसार) पारामरिबो में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि मुझे खुशी है कि सूरीनाम में प्रवासी भारतीय देश के आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने लगभग सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

इससे पहले मंगलवार को दिन में राष्ट्रपति एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं आपके आतिथ्य और स्वागत से अभिभूत हूं। सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति मुर्मू ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यहां आकर मुझे बहुत खुशी हो रही है। आपके आतिथ्य और स्वागत से मैं बहुत अभिभूत हूं। मैं भारत में आपके भाई-बहनों की ओर से आपको शुभकामनाएं प्रेषित करती हूं। यहां मेरी पहली यात्रा है, आज एक विशेष अवसर है। आपके यहां के विभिन्न प्रकार के पौधे, आपके यहां के वन्यजीव और आपके यहां की शुद्ध हवा से एक अच्छा वातावरण बनता है। लेकिन सूरीनाम के लोगों की विभिन्नता ने मेरा दिल जीत लिया। भारत और सूरीनाम में काफी समानताएं हैं। दोनों देशों के लोग आसानी से आपस में घुल मिल जाते हैं। मुझे ऐसा लग रहा है कि मैं अपने घर में ही हूं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोषी के निमंत्रण पर चार से छह जून तक सूरीनाम की यात्रा पर हैं। विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) संजय वर्मा ने बताया था कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सात जून 2023 को सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुसिक के निमंत्रण पर सर्बिया की यात्रा पर जाएंगी। जुलाई 2022 में कार्यभार संभालने के बाद यह उनकी पहली राजकीय यात्रा है।

Next Story