विश्व

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में मनाया आयरलैंड के साथ संबंधों का जश्न

jantaserishta.com
18 March 2026 9:19 AM IST
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में मनाया आयरलैंड के साथ संबंधों का जश्न
x
वाशिंगटन: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में अमेरिका और आयरलैंड के गहरे संबंधों का जश्न मनाया। उन्होंने आयरलैंड के प्रधानमंत्री माइकल मार्टिन की मेजबानी की, जिनके साथ उन्होंने सालाना शैमरॉक समिट में हिस्सा लिया। इस मौके पर दोनों नेताओं ने अमेरिका-आयरलैंड के साझा इतिहास, विरासत और साझेदारी को आगे बढ़ाया।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आपके साथ होना सचमुच बहुत अच्छा लग रहा है। उन्होंने इस समारोह को आयरलैंड और अमेरिका के बीच दोस्ती का एक बेमिसाल उदाहरण बताया।
सेंट पैट्रिक दिवस के इस कार्यक्रम में अमेरिका के वरिष्ठ अधिकारी, सांसद और आयरलैंड के प्रतिनिधि शामिल हुए। यह कार्यक्रम दोनों देशों के बीच मौजूद मजबूत सांस्कृतिक और राजनीतिक रिश्तों को दर्शाता है।
ट्रंप ने आयरिश-अमेरिकी समुदाय की जिक्र करते हुए कहा, "अक्सर यह कहा जाता है कि हमारे इस खूबसूरत देश में आयरिश लोगों की संख्या आपके शानदार द्वीप पर मौजूद आयरिश लोगों की संख्या से 5 गुना अधिक है।" उन्होंने आगे कहा, "वे आपसे बहुत प्यार करते हैं।"
राष्ट्रपति ट्रंप ने आयरिश-अमेरिकियों को देश की सफलता की एक बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा, "मेरा मानना ​​है कि एक समूह के तौर पर आयरलैंड से आए लोगों से ज्यादा कामयाबी किसी और को नहीं मिली है।"
अपने भाषण में डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका में आयरिश प्रवासियों के ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने देश की पहचान और संस्थाओं को गढ़ने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "शुरू से ही, अमेरिका ने इन बेमिसाल लोगों की मदद से ही तरक्की की है, खुशहाल बना है और कामयाबी हासिल की है।"
ट्रंप ने कहा कि आयरिश-अमेरिकियों ने इनोवेशन से लेकर सार्वजनिक जीवन तक, हर क्षेत्र में अपना योगदान दिया है। उन्होंने उन्हें 'लड़ाकू, विचारक, कर्मशील और विजेता' बताया। वहीं, आयरलैंड के प्रधानमंत्री माइकल मार्टिन ने अपने भाषण में कहा कि दोनों देशों के बीच के रिश्ते बहुत गहरे हैं। उन्होंने कहा कि यह समारोह हमारे लोगों के बीच की उस दोस्ती का प्रतीक है, जो हमारे गणराज्यों के बनने से भी पुरानी है।
उन्होंने अमेरिका के शुरुआती सालों में आयरलैंड की भूमिका की ओर इशारा किया। मार्टिन ने कहा कि वाशिंगटन की कॉन्टिनेंटल सेना में एक-चौथाई से भी ज्यादा सैनिक आयरिश थे। उन्होंने आगे कहा कि आयरिश लोग उन लोगों में शामिल थे, जिन्होंने इस नए गणराज्य को गढ़ने में मदद की थी।
मार्टिन ने यह भी बताया कि आयरिश लोगों ने अमेरिका की अहम संस्थाओं में किस तरह योगदान दिया। उन्होंने बताया कि आयरलैंड में जन्मे लोगों ने देश के राष्ट्रीय प्रतीकों को डिजाइन करने और खुद अमेरिका की भाषा को गढ़ने में भी अहम भूमिका निभाई थी।
उन्होंने कहा, "यहां तक कि 'संयुक्त राज्य अमेरिका' शब्द का इस्तेमाल भी सबसे पहले एक आयरिश व्यक्ति ने ही लिखित रूप में किया था।" उन्होंने अमेरिका में आयरिश प्रभाव के विस्तार का उल्लेख किया और बताया कि लाखों अमेरिकी अपनी जड़ों को आयरलैंड से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा, "जब इन चीजों को रचा गया था, तब भी आयरिश लोग वहां मौजूद थे। आयरिश मूल के 3.5 करोड़ अमेरिकियों के लिए वे आज भी गर्व और प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत बने हुए हैं।"
मार्टिन ने दोनों देशों के बीच लगातार सहयोग बनाए रखने के महत्व की भी बात की। उन्होंने कहा, "आयरलैंड और अमेरिका मिलकर काम करते रहें, ताकि एक बेहतर दुनिया का निर्माण किया जा सके। एक ऐसी दुनिया, जो स्वतंत्र, सुरक्षित और शांतिपूर्ण हो।"
शेमरॉक समारोह एक पुरानी परंपरा है, जो अमेरिका और आयरलैंड के करीबी कूटनीतिक और सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक है। यह हर साल 'सेंट पैट्रिक दिवस' के आसपास आयोजित किया जाता है, जिसमें आयरिश नेता अमेरिकी राष्ट्रपति को शेमरॉक का कटोरा भेंट करते हैं।
अमेरिका और आयरलैंड के बीच मजबूत राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंध हैं, जिन्हें वहां की बड़ी आयरिश-अमेरिकी आबादी के साथ-साथ व्यापार, निवेश और वैश्विक मामलों में दशकों से चले आ रहे आपसी सहयोग से और भी अधिक मजबूती मिली है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story