विश्व
पाकिस्तान में ड्रोन प्रोडक्शन की तैयारी, ट्रम्प परिवार से जुड़ी कंपनी की डील से बढ़ी चर्चा
jantaserishta.com
2 Oct 2026 12:34 PM IST

x
नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बेटों से जुड़े निवेश वाली कंपनी पाकिस्तान में ड्रोन बनाने की तैयारी कर रही है। पाकिस्तान में ड्रोन प्रोडक्शन के लिए तीन संभावित सैन्य जगहों पर विचार किया जा रहा है।
इस मामले में पाकिस्तान के आर्मी चीफ आसिम मुनीर और पॉवरस के प्रतिनिधियों के बीच बैठक भी हुई है। ड्रोन प्रोडक्शन शुरू होने की स्थिति में पाकिस्तान की सैन्य क्षमता में स्थानीय स्तर पर ड्रोन निर्माण की सुविधा जुड़ सकती है।
पाकिस्तान में तीन जगहों पर ड्रोन यूनिट की तैयारी
दी गई जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान में ड्रोन बनाने के लिए हरीपुर, रावलपिंडी और तक्षशिला में तीन संभावित मिलिट्री साइट्स चुनी गई हैं। यहां आत्मघाती ड्रोन बनाए जाने की योजना बताई गई है। 16 सितंबर को पॉवरस और पाकिस्तान के आर्मी चीफ आसिम मुनीर के बीच ड्रोन आयात को लेकर एक एमओयू हुआ था। इसके बाद अब पाकिस्तान में ही ड्रोन प्रोडक्शन यूनिट लगाने की तैयारी की बात सामने आई है।
बताया गया है कि इस प्रोडक्शन में पाकिस्तान की आर्मी की इंडस्ट्रियल यूनिट भी शामिल हो सकती है। यूनिट के लिए जगह तय करने के लिए पाकिस्तानी अधिकारियों के 15 अक्टूबर के बाद अमेरिका जाने की जानकारी दी गई है।
पॉवरस और आसिम मुनीर के बीच हुई बैठक
16 सितंबर को रावलपिंडी में पॉवरस और अमेरिकी दूतावास के प्रतिनिधियों ने पाकिस्तान के आर्मी चीफ आसिम मुनीर से मुलाकात की थी। बैठक में रक्षा खरीद, ड्रोन प्रोडक्शन और सैन्य क्षमता बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
हालांकि, पॉवरस ने स्पष्ट किया है कि पाकिस्तान के साथ हुआ एमओयू अभी अंतिम समझौता नहीं है। कंपनी के मुताबिक, इस एमओयू से खरीदारी की कोई बाध्यता नहीं बनती और किसी भी समझौते पर अमेरिकी कानूनों और सरकार की मंजूरी लागू होगी। कंपनी ने पाकिस्तान में अपनी तकनीक पर काम करने की बात भी कही है।
दी गई जानकारी के अनुसार, डोनाल्ड ट्रम्प जूनियर और एरिक ट्रम्प पॉवरस में अमेरिकन वेंचर्स के जरिए निवेशक हैं। अमेरिकी रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक, कंपनी के प्रस्तावित मर्जर के बाद अमेरिकन वेंचर्स के पास पॉवरस में 9.9 प्रतिशत बेनिफिशियल हिस्सेदारी होने की उम्मीद है।
हालांकि, ट्रम्प जूनियर के प्रवक्ता ने कहा है कि वह केवल पैसिव निवेशक हैं। उनके मुताबिक, कंपनी के कामकाज या किसी कॉन्ट्रैक्ट में उनकी कोई भूमिका नहीं है।
पाकिस्तान पहले से चीन और तुर्किये से ले रहा ड्रोन
पाकिस्तान फिलहाल चीन और तुर्किये से ड्रोन खरीद रहा है। तुर्किये की ओर से भी पाकिस्तान में ड्रोन प्रोडक्शन को लेकर समझौता किए जाने की जानकारी दी गई है।
वहीं, खबर में यह भी बताया गया है कि पॉवरस का पाकिस्तान से पहले भारत के साथ भी करार हुआ था। 30 जून की फाइलिंग में पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज ने बताया था कि पॉवरस ने भारत में गार्डियन-1 ड्रोन इंटरसेप्टर बनाने और बेचने का एक्सक्लूसिव लाइसेंस दिया है। इस तरह पॉवरस की ड्रोन तकनीक से भारत और पाकिस्तान दोनों जुड़े हुए हैं।
एक्सपर्ट ने भारत की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
पाकिस्तान स्थित भारतीय दूतावास में काम कर चुके डिफेंस एक्सपर्ट अविनाश मोहनानी के मुताबिक, पाकिस्तान में बनने वाले ड्रोन भारत की सुरक्षा के लिए चुनौती बन सकते हैं। उनके अनुसार, पाकिस्तान को अमेरिका से मिलने वाले कुछ हथियार आईएसआई के जरिए आतंकियों तक पहुंचने के मामले सामने आए हैं। उनका कहना है कि अगर पाकिस्तान में ड्रोन का प्रोडक्शन शुरू होता है, तो इससे भारत की अंदरूनी सुरक्षा के सामने नई चुनौती पैदा हो सकती है।
खबर में यह भी दावा किया गया है कि पाकिस्तान में प्रोडक्शन होने से इन ड्रोन को एशिया और अफ्रीका के उन देशों तक पहुंचाने की संभावना बढ़ सकती है, जहां अमेरिका सीधे हथियार नहीं बेचता।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत ने भी बढ़ाई तैयारी
खबर के मुताबिक, ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत में भी ड्रोन प्रोडक्शन पर काम तेज हुआ है। भारत में चार ड्रोन फैक्ट्रियां तैयार बताई गई हैं, जबकि तीन का निर्माण चल रहा है और दो अन्य प्रस्तावित हैं। भविष्य में पाकिस्तान की ओर से ड्रोन हमले की स्थिति में भारत के पास इंटीग्रेटेड काउंटर-यूएएस ग्रिड और मल्टी-लेयर एयर डिफेंस जैसी व्यवस्थाएं मौजूद होने की बात कही गई है। इनमें रडार, कंट्रोल सेंटर, एयर डिफेंस गन और जमीन तथा हवा से दागी जाने वाली मिसाइल प्रणालियां शामिल हैं।
खबर के अनुसार, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान 7-8 मई 2025 की रात पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों के जरिए उत्तरी और पश्चिमी भारत के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की थी। इन्हें भारत के काउंटर-यूएएस और एयर डिफेंस सिस्टम ने बेअसर किया।
10 मई को भी पाकिस्तान की ओर से किए गए बड़े ड्रोन-मिसाइल हमले को भारतीय एयर डिफेंस, काउंटर-ड्रोन और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम ने विफल किया था।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





