यूक्रेन के ज़ापोरिज्जिया और खेरसन क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति ठप

World वर्ल्ड: रूस के नियंत्रण वाले दक्षिणी यूक्रेन के ज़ापोरिज्जिया और खेरसन क्षेत्रों में यूक्रेनी ड्रोन हमलों और गोलेबारी के चलते सोमवार रात से लगभग 7 लाख लोग बिजली से वंचित हैं। रूस समर्थित स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, इस हमले ने बिजली के प्रमुख सबस्टेशन को नुकसान पहुंचाया है।
ज़ापोरिज्जिया के गवर्नर येवगेनी बालीत्स्की ने बताया कि क्षेत्र के लगभग 500 कस्बों और गांवों में हाई-वोल्टेज उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिसके कारण पूरे क्षेत्र में बिजली बंद हो गई है। वहीं खेरसन के गवर्नर व्लादिमीर साल्डो ने कहा कि ड्रोन के मलबे ने दो सबस्टेशन को नुकसान पहुंचाया, जिससे 1 लाख से अधिक लोगों का बिजली कनेक्शन बाधित हुआ।
उधर, यूक्रेन के सुमी शहर पर रूसी हमले में तीन नागरिकों की मौत और कई घायल हुए हैं।इस बीच, ज़ापोरिज्जिया नाभिकीय ऊर्जा संयंत्र की स्थिति नियंत्रण में बनी हुई है, हालांकि यह संयंत्र वर्तमान में बंद है और बिजली उत्पादन नहीं कर रहा।
यूक्रेन और रूस के बीच चल रही तनावपूर्ण शांति वार्ता के दौरान ये हमले हुए हैं, जहां रूस ने युद्ध समाप्ति के लिए बड़े क्षेत्र छोड़ने और सेना की संख्या सीमित करने की शर्तें रखीं हैं।





