
x
पुर्तगाल में गर्भवती भारतीय महिला पर्यटक को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल भेजने के दौरान महिला का निधन हो गया
पुर्तगाल में गर्भवती भारतीय महिला पर्यटक को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल भेजने के दौरान महिला का निधन हो गया। इस दुखद घटना के बाद पुर्तगाल की स्वास्थ्य मंत्री मार्टा टेमिडो ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। वहीं अधिकारियों ने इस घटना की जांच के आदेश दे दिए है।
जानकारी के अनुसार, 34 वर्षीय गर्भवती भारतीय महिला को सैंटा मारिया अस्पताल से दूसरे अन्य अस्पताल में एंबुलेंस से ले जाया जा रहा था, इसी बीच महिला को दिल का दौरा पड़ा। बताया जा रहा है कि सैंटा मारिया अस्पताल में नवजात देखभाल (नियोनेटलॉजी) सेवा में जगह नहीं थी, जिस कारण महिला को अन्य अस्पताल ले जाया जा रहा था।
बुधवार को बीबीसी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि पुर्तगाल में ये इकलौती घटना नहीं है। इस साल ऐसी कई घटनाएं हो चुकी है। इन घटनाओं के बाद आलोचकों ने देशभर के अस्पतालों में नवजात देखभाल इकाइयों में कर्मचारियों की घोर कमी को जिम्मेदार ठहराया है।
बताया दें कि मार्टा टेमिडो 2018 से स्वास्थ्य मंत्री का पद संभाल रही थी और देश में कोरोना वायरस संक्रमण के दौरान हालात को बेहतर तरीके से संभालने का श्रेय भी उन्हें ही दिया जाता है, लेकिन मंगलवार को सरकार ने एक बयान जारी करके कहा कि टेमिडो ने यह महसूस किया है कि वह अब स्वास्थ्य मंत्री के पद पर नहीं रह सकती है।
पुर्तगाली समाचार एजेंसी लूसा के मुताबिक, देश के प्रधानमंत्री एंटोनियो कोस्टा ने कहा कि महिला का निधन वह निर्णायक घटना रही, जिससे टेमिडो ने इस्तीफा देने का निर्णय लिया।
स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, पर्यटन के लिये आई गर्भवती महिला को लिस्बन के सैंटा मारिया अस्पताल से ले जाया जा रहा था क्योंकि अस्पताल की नवजात देखभाल इकाई में जगह नहीं थी। रिपोर्ट में चिकित्सक के हवाले से बताया गया कि महिला का तत्काल ऑपरेशन किया गया और उसने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। इस घटना के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दे दिए है।
Next Story