विश्व

व्हाइट हाउस से PM मोदी को आया निमंत्रण, क्या है ट्रंप के इरादे जानिए?

Nilmani Pal
20 Jan 2026 7:19 AM IST
व्हाइट हाउस से PM मोदी को आया निमंत्रण, क्या है ट्रंप के इरादे जानिए?
x

दिल्ली। भारत ने गाजा पर अंतरराष्ट्रीय शांति बोर्ड के गठन को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निमंत्रण पर अभी कोई प्रतिक्रिया जाहिर नहीं की है। ट्रंप ने भारत समेत करीब 50 देशों को इस बोर्ड में शामिल होने के लिए न्योता दिया है। बोर्ड का मुख्य काम गाजा में होने वाली गतिविधियों की देखरेख होगा। इसकी अध्यक्षता खुद ट्रंप करने वाले हैं। खबरें हैं कि स्थाई सदस्य बने रहने के लिए तीन सालों के बाद देशों को मोटी फीस चुकानी पड़ेगी।

सूत्रों ने कहा कि इस पर विचार-विमर्श किया जा रहा है तथा अगले कुछ दिनों में फैसला ले लिया जाएगा। गाजा में स्थाई शांति एवं स्थिरता के लिए ट्रंप ने एक शांति बोर्ड के गठन का ऐलान किया है जिसमें विश्व के चुनिंदा देशों एवं नेताओं को शामिल किया जा रहा। इसी कड़ी में व्हाइट हाउस ने प्रधानमंत्री मोदी को भी निमंत्रण भेजा है। एक पत्र पीएम मोदी को भेजा गया है, जिसमें कहा गया है कि मध्य पूर्व में शांति स्थापित करने और वैश्विक संघर्षों के समाधान के लिए भारत को जोड़ा जाना जरूरी है।

भारत ने सोमवार को निमंत्रण प्राप्त होने के बाद त्वरित प्रतिक्रिया नहीं दी है। हिन्दुस्तान से बातचीत में सूत्रों ने कहा है कि निमंत्रण का अध्ययन किया जा रहा। अगले कुछ दिनों के भीतर इसमें शामिल होने या नहीं होने पर फैसला लिया जाएगा।

भारत के अलावा इजरायल, मिस्र, तुर्की, कतर, पाकिस्तान, कनाडा और अर्जेंटीना सहित लगभग 50 देशों को आमंत्रित किया गया है। सदस्यों की आधिकारिक सूची की घोषणा आने वाले दिनों में दावोस में होने वाली विश्व आर्थिक मंच की बैठक के दौरान होने की संभावना है। व्हाइट हाउस ने बोर्ड के विजन को लागू करने के लिए एक कार्यकारी समिति की भी घोषणा की है। इस समिति में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ, जारेड कुशनर, ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर, विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा और उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रॉबर्ट गेब्रियल जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।

Next Story
null