
बैंकॉक।बिम्सटेक सम्मेलन के इतर थाईलैंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने म्यांमार के जनरल मिन आंग हलाइंग से मुलाकात की। इस दौरान हाल ही में म्यांमार में आए भीषण भूकंप को लेकर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने म्यांमार को हरसंभव मानवीय और तकनीकी सहायता देने का आश्वासन दिया।
बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा, आपसी सहयोग और मानवीय संकट जैसे मुद्दों पर विस्तार से बात की गई। पीएम मोदी ने कहा कि भारत हर आपदा में अपने पड़ोसी देशों के साथ खड़ा रहा है और इस बार भी म्यांमार की सहायता करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। उन्होंने भूकंप से प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री, चिकित्सा टीम और पुनर्निर्माण सहायता भेजने की पेशकश की।
जनरल हलाइंग ने भारत की तत्परता और समर्थन के लिए आभार जताया और दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत बनाने पर सहमति व्यक्त की। बैठक को लेकर कूटनीतिक हलकों में भी यह संकेत माना जा रहा है कि भारत क्षेत्रीय स्थिरता और मानवीय मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्राथमिकता दे रहा है।
यह मुलाकात ऐसे समय पर हुई है जब म्यांमार राजनीतिक और प्राकृतिक आपदाओं से एक साथ जूझ रहा है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की निगाहें उसकी स्थिति पर टिकी हैं।





