विश्व

पेंटागन ने ईरान में हुए नुकसान का ब्योरा सार्वजनिक करने से किया इनकार

jantaserishta.com
13 May 2026 9:08 AM IST
पेंटागन ने ईरान में हुए नुकसान का ब्योरा सार्वजनिक करने से किया इनकार
x
वाशिंगटन: पेंटागन के नेताओं ने ईरान के साथ चल रहे संघर्ष से हुए नुकसान के विस्तृत आकलन को सार्वजनिक करने से इनकार किया है। यह मुद्दा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रस्तावित 1.5 ट्रिलियन डॉलर के रक्षा बजट पर आयोजित सीनेट विनियोग उपसमिति की सुनवाई के दौरान टकराव का कारण बना। कुछ सांसदों ने रक्षा सचिव पीट हेगसेथ और ज्वाइंट चीफ्स चेयरमैन जनरल डैन केन से ईरान की मिसाइल, ड्रोन और नौसैनिक क्षमताओं के बारे में जानकारी मांगी।
डेमोक्रेटिक सीनेटरों ने बार-बार यह सवाल उठाया कि क्या ईरान के सैन्य बुनियादी ढांचे को कमजोर करने के बारे में प्रशासन के दावे गोपनीय खुफिया आकलन से मेल खाते हैं। सांसदों ने सवाल उठाया कि क्या प्रशासन ने ईरान की जवाबी सैन्य क्षमता, खासकर ड्रोन और होर्मुज स्ट्रेट में असममित नौसैनिक रणनीतियों के उपयोग को कम करके आंका था। सीनेटर ब्रायन शैट्ज ने पूछा कि क्या अमेरिकी हमलों के बाद पेंटागन ने ईरान की प्रतिशोधी क्षमता का सही अनुमान लगाया था।
सीनेटर क्रिस्टोफर मर्फी ने सार्वजनिक रिपोर्ट्स का हवाला दिया, जिनमें कहा गया कि अमेरिकी कार्रवाई के कई हफ्तों के बाद भी ईरान अपनी 70 प्रतिशत मिसाइल और ड्रोन क्षमता बनाए हुए है। मर्फी ने सीधे तौर पर डैन केन से पूछा कि क्या वह इन खुफिया अनुमानों से असहमत हैं।
हालांकि, डैन केन ने खुफिया रिपोर्ट्स के बारे में जानकारी देने से साफ इनकार कर दिया। डैन केन ने जवाब दिया, "पूरे सम्मान के साथ, मैं इस मंच पर इस बारे में टिप्पणी नहीं करूंगा कि खुफिया विभाग ने क्या आकलन किया है या नहीं किया है।" उन्होंने आगे कहा, "मैं इस बारे में भी जवाब नहीं दूंगा कि कांग्रेस किन मानदंडों के आधार पर आगे फंडिंग जारी रखने का फैसला करेगी।"
सीनेटर क्रिस्टोफर मर्फी ने तर्क दिया कि बिना पारदर्शी आकलन के सांसद इस कार्रवाई की सफलता का सही मूल्यांकन नहीं कर सकते। उन्होंने पूछा, "अगर आप हमें वास्तविक आकलन नहीं बता सकते, तो हम कैसे तय करें कि इस कार्रवाई के लिए आगे फंडिंग जारी रखनी चाहिए या नहीं?"
हेगसेथ ने भी सार्वजनिक रूप से युद्ध संबंधी आकलन पर चर्चा करने से इनकार कर दिया। रक्षा सचिव ने कहा, "यह कोई गोपनीय बैठक नहीं है। हम ऐसी बातों पर यहां चर्चा नहीं करते।" हेगसेथ ने इस बात को सिरे से खारिज कर दिया कि पेंटागन इस स्थिति के लिए तैयार नहीं था या उसे अचानक झटका लगा था। उन्होंने कहा, "मैं आपको यकीन दिला सकता हूं कि हर चीज का हिसाब रखा गया था।
गौरतलब है कि अमेरिकी प्रशासन लगातार यह कहता रहा है कि उसकी कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना है। अधिकारियों ने यह भी दावा किया है कि ईरान की नौसेना, मिसाइल लॉन्च सिस्टम और रक्षा औद्योगिक ढांचे के बड़े हिस्से को नष्ट कर दिया गया है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story