
तेहरान/इस्लामाबाद: पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को लेकर ईरान के एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी के दावे ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। ईरान के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी मोहसिन रेजाई ने दावा किया है कि आसिम मुनीर ने हिंदुओं और यहूदियों के बीच बढ़ते संबंधों को पाकिस्तान और व्यापक मुस्लिम दुनिया के लिए खतरा बताया था। रेजाई के अनुसार, मुनीर ने यह बात 26 अक्टूबर को ईरान की राजधानी तेहरान में आयोजित चार देशों की एक महत्वपूर्ण सुरक्षा बैठक के दौरान कही थी। हालांकि, इस कथित बयान की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और इसे फिलहाल ईरानी अधिकारी का दावा ही माना जा रहा है। ईरान के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी मोहसिन रेजाई ने 31 अक्टूबर को ईरानी सरकारी प्रसारक को दिए एक साक्षात्कार में इस बैठक से जुड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि बैठक में पाकिस्तान, तुर्की, सऊदी अरब और ईरान के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था। इस दौरान पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, इजरायल की भूमिका और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई थी। रेजाई ने दावा किया कि आसिम मुनीर ने भारत और इजरायल के बीच मजबूत होते संबंधों को लेकर चिंता जताई थी।





