विश्व
पाकिस्तान को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ा, योजना मंत्री अहसान इकबाल का दावा
Rounak Dey
31 Aug 2022 2:43 AM GMT

x
पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय मदद की अपील की है और कुछ देशों ने पहले ही आपूर्ति और बचाव दल भेज दिए हैं।
बाढ़ से जूझ रहे पाकिस्तान (Floods In Pakistan) को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बाढ़ के कारण पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था भी बुरी तरह से प्रभावित हुई है। ऐसे में पाकिस्तान के योजना मंत्री ने बाढ़ की स्थिति को लेकर बड़ी चेतावनी दी है। पाकिस्तान के योजना मंत्री अहसान इकबाल ने सोमवार को चेतावनी दी कि देश को जल्द ही भोजन की भारी कमी का सामना करना पड़ेगा। जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, मंत्री ने भविष्यवाणी की है कि वर्तमान बाढ़ के परिणामस्वरूप राष्ट्र के पुनर्निर्माण और पुनर्वास में पांच साल लग सकते हैं।
भयंकर बाढ़ का सामना कर रहा देश- अहसान इकबाल
योजना मंत्री अहसान इकबाल ने कहा कि लोगों ने इस आपदा में अपनी पूरी आजीविका खो दी है, इस बार के हालात साल 2010 में आई बाढ़ से भी ज्यादा खराब हैं, जिसके लिए संयुक्त राष्ट्र (UN) ने अपनी अब तक की सबसे बड़ी आपदा अपील जारी की थी। इकबाल ने कहा कि वित्तीय मदद के लिए किसी भी औपचारिक अनुरोध के लिए तब तक इंतजार करना होगा, जब तक कि नुकसान के पैमाने का पता नहीं चल जाता। इसे लेकर पाकिस्तान अब विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक सहित भागीदारों के साथ मूल्यांकन कर रहा है।
पाकिस्तान को 10 अरब डॉलर का हुआ नुकसान
इससे पहले देश के मंत्री मिफ्ताह इस्माइल ने दावा किया था कि पाकिस्तान में अचानक आई बाढ़ से उसकी अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया था कि बाढ़ के कारण विभिन्न क्षेत्रों को कम से कम 10 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है। हालांकि, मंत्री ने कहा उनके पास इस समय अर्थव्यवस्था के प्रत्येक क्षेत्र को हुए नुकसान का ब्योरा नहीं है। मिफ्ता ने कहा कि ये शुरुआती आकलन है जो जमीनी सर्वेक्षण करने के बाद और भी बढ़ सकता है।
बाढ़ से चरमराई देश की अर्थव्यवस्था
बता दें कि पाकिस्तान में रिकार्ड तोड़ हुई बारिश ने बाढ़ का रूप ले लिया। जिससे देश की सड़कों, फसलों, बुनियादी ढांचे और पुलों को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया। इस बाढ़ के कारण देश में हजारों लोगों की आजीविका प्रभावित हुई है। पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय मदद की अपील की है और कुछ देशों ने पहले ही आपूर्ति और बचाव दल भेज दिए हैं।
Next Story