सीजफायर का नियम तोड़ा पाक ने, अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक कर दी

अफगानिस्तान। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है. दोनों देशों के बीच शुक्रवार को 48 घंटे के युद्धविराम को आपसी सहमति से आगे बढ़ाने पर सहमति बनी. इसके कुछ ही घंटों बाद, तालिबान ने पाकिस्तान पर अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में एयर स्ट्राइक करने का आरोप लगाया. तालिबान के अनुसार, पाकिस्तान ने डूरंड लाइन से सटे पक्तिका प्रांत के कई जिलों में हवाई हमले किए.
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब दोनों पक्षों के बीच चल रहे सीमा पर चल रहे गतिरोध को शांत करने के लिए दोहा में शांति वार्ता की तैयारी चल रही है. टोलोन्यूज ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पाकिस्तान सीमा पर स्थित अफगानिस्तान के अरगुन और बरमल जिलों में कई घरों पर हवाई हमले हुए. इन हमलों में अभी तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है. इस बीच तीन पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारियों और एक अफगान तालिबान सूत्र ने नाम न छापने की शर्त पर समाचार एजेंसी रॉयटर्स से कहा कि दोहा शांति वार्ता के लिए एक पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल पहले ही कतर की राजधानी में पहुंच चुका है, जबकि अफगान प्रतिनिधिमंडल के शनिवार को दोहा पहुंचने की उम्मीद है.
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के सुरक्षा बलों के बीच सीमा पर कई दिनों से चल रही भीषण लड़ाई में पहली बार 15 अक्टूबर को अस्थायी युद्ध विराम स्थापित हुआ था, जिसमें दोनों पक्षों के दर्जनों जवान मारे गए थे और सैकड़ों घायल हुए थे. तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने दावा किया था कि पाकिस्तानी सेना के आग्रह पर 48 घंटे का युद्ध विराम घोषित किया गया था. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर उकसावे का आरोप लगाया. पाकिस्तान ने सीमा पर गोलीबारी में 20 तालिबानी लड़ाकों के मारे जानें का दावा किया, वहीं तालिबान ने 58 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत और कुछ पाकिस्तान चौकियों पर कब्जा करने का दावा किया.
इससे पहले, पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को उत्तरी वजीरिस्तान में एक सैन्य शिविर पर हुए आत्मघाती हमले में 7 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और 13 अन्य घायल हो गए. यह हमला इस्लामाबाद और काबुल के बीच दोहा में होने वाली शांति वार्ता से कुछ घंटे पहले हुआ. अधिकारियों के अनुसार, एक आतंकवादी ने विस्फोटकों से लदी एक गाड़ी मीर अली स्थित खड्डी सैन्य शिविर की चारदीवारी में घुसा दी और दो अन्य हमलावरों ने शिविर पर धावा बोलने की कोशिश की, लेकिन उन्हें मार गिराया गया. तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा है कि उसकी फिदायिन यूनिट खालिद बिन वलीद और तहरीक तालिबान गुलबहादर ने ये हमले किए.





