
Pakistan पाकिस्तान : पंजाब प्रांत से एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें पुलिस की गोलीबारी में एक नौ वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के दो सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक बच्ची की पहचान हानिया अहमद के रूप में हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, वह ऑस्ट्रेलिया के पर्थ स्थित केवडेल इलाके की रहने वाली थी। घटना के समय वह अपने परिवार के साथ पाकिस्तान के चकवाल में रिश्तेदारों से मिलने गई हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 10 जून की देर रात हुई, जब परिवार एक किराए की कार में यात्रा कर रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो हथियारबंद लुटेरों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। बताया जा रहा है कि लुटेरों में से एक के पास पिस्तौल थी।
इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने गाड़ी को लुटेरों की गाड़ी समझकर उस पर गोलीबारी कर दी। इस फायरिंग में कार में सवार बच्ची और उसके परिवार के सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। वहीं परिवार के दो अन्य सदस्यों का इलाज गंभीर हालत में जारी है।
स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गोलीबारी की स्थिति कैसे बनी और क्या सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं।
इस घटना ने पाकिस्तान में पुलिस कार्रवाई और सुरक्षा प्रक्रियाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस मामले को लेकर चिंता जताई जा रही है।





