विश्व

यूरोप में छाया कोरोना का प्रकोप...पहली बार एक दिन में एक लाख से अधिक नए केस आए सामने...रूस और फ्रांस समेत कई देशों में हालत नाज़ुक

Gulabi
10 Oct 2020 1:40 AM GMT
यूरोप में छाया कोरोना का प्रकोप...पहली बार एक दिन में एक लाख से अधिक नए केस आए सामने...रूस और फ्रांस समेत कई देशों में हालत नाज़ुक
x
कोरोना महामारी की दूसरी लहर यूरोप के लिए पहले से भी अधिक भयावह साबित हो रही है।
जनता से रिश्ता वेबडेस्क। कोरोना महामारी की दूसरी लहर यूरोप के लिए पहले से भी अधिक भयावह साबित हो रही है। कई देशों में नए मामले लगातार बढ़ रहे हैं। गुरुवार को तो यूरोप में पहली बार एक दिन में एक लाख से अधिक नए केस सामने आए। पहले दौर में जब महामारी चरम पर थी, तब भी एक दिन में इतने मरीज नहीं मिले थे। संक्रमण को रोकने के लिए कई देशों ने दोबारा सख्त पाबंदियां लगानी शुरू कर दी है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन के आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा प्रमुख माइक रेयान ने यूरोप में बढ़ते नए मामलों पर गहरी चिंता जताई है और सख्त कदम उठाने की सलाह दी है। आंकड़ों के मुताबिक ब्रिटेन, रूस, स्पेन और फ्रांस में पिछले तीन दिनों से लगातार 10 हजार से अधिक नए केस सामने आ रहे हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान ब्रिटेन में 17,000 नए मामले मिले, जबकि फ्रांस में बुधवार और गुरुवार दोनों ही लगातार 18 हजार से अधिक मामले सामने आए।

इस दौरान रूस में भी 12 हजार से अधिक केस दर्ज किए गए हैं। चेक रिपब्लिक और यूक्रेन में भी नए मामले बढ़ रहे हैं। अक्टूबर में औसतन रोजाना 78 हजार नए केस दर्ज किए गए हैं। सितंबर में यह संख्या 47 हजार से कुछ अधिक थी। ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री मैट हैनकॉक ने इसे गंभीर स्थिति बताया है। कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए उत्तरी इंग्लैंड, वेल्स और स्कॉटलैंड के कई हिस्सों में सामाजिक जमावड़े पर सख्त पाबंदियां लगा दी गई हैं। कई इलाकों में लॉकडाउन भी लगा दिया गया है।

ब्रिटेन में मृत्युदर भी बढ़ रही है। वर्तमान में यहां सात फीसद मृत्युदर है, जो दुनिया में सबसे अधिक है। यहां चार यूनिवर्सिटी में करीब ढाई हजार छात्रों और स्टाफ को संक्रमित पाया गया है। अमेरिका में सबसे अधिक लोगों की इस महामारी से मौत हुई है, लेकिन वहां भी मृत्युदर 2.8 फीसद है। स्पेन के मैड्रिड में 850 नए केस मिलने के बाद सरकार ने कुछ हिस्सों में आपातकाल की घोषणा कर दी है और सख्त पाबंदियां लगा दी गई हैं।

Next Story