विश्व

सिएरा लियोन में तेल टैंकर में विस्फोट, बढ़ा मौतों का आंकड़ा

Gulabi
6 Nov 2021 3:04 PM GMT
सिएरा लियोन में तेल टैंकर में विस्फोट, बढ़ा मौतों का आंकड़ा
x
सिएरा लियोन में तेल टैंकर में विस्फोट

सिएरा लियोन की राजधानी फ्री टाउन में शुक्रवार देर रात दूसरे वाहन से टक्कर के बाद एक तेल टैंकर में हुए विस्फोट में करीब 100 से ज्यादा लोग मारे गए और 100 से ज्यादा घायल हो गए। समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक, अस्पताल के शवगृह विभाग ने कहा है कि शनिवार सुबह तक उन्हें 95 शव मिल चुके हैं। अस्पतालों में भर्ती कई घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।


प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि कुछ शवों को दफनाने के लिए उनके रिश्तेदार लेकर चले गए। पूर्वी फ्री टाउन में सड़क पर जली हुई कारें और मोटरसाइकिलें मिलीं। उप स्वास्थ्य मंत्री अमरा जांबै ने कहा कि विभिन्न अस्पतालों एवं क्लीनिकों में 100 से ज्यादा घायलों का इलाज चल रहा है। पीडि़तों में दुर्घटनाग्रस्त वाहन से रिस रहा ईधन लूटने के लिए आ गए लोग भी शामिल हैं।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रमुख ब्रिमा बुरेह सेसाय ने घटनास्थल से आनलाइन वीडियो साझा करते हुए कहा, 'हमें कई हताहत और जले हुए लोगों के शव मिले। यह एक दर्दनाक और डरावनी दुर्घटना है।' वीडियो में लोगों को गहरे धुएं के बीच दौड़ते हुए देखा जा रहा है। वीडियो में रात में आसमान की ओर उठती आग की लपटें दिख रही हैं।

राष्ट्रपति जूलियस माडा बायो संयुक्त राष्ट्र जलवायु वार्ता में भाग लेने के लिए स्कॉटलैंड में हैं। उन्होंने हादसे पर खेद व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट करके कहा, 'जिन परिवारों ने अपनों को खो दिया है और जो लोग झुलस गए हैं, उनके साथ मेरी गहरी सहानुभूति है।' उपराष्ट्रपति मोहम्मद जुल्देह जलोह ने रात में दो अस्पतालों का दौरा किया और कहा कि सिएरा लियोन की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी और अन्य आपातकाल के मद्देनजर 'अथक प्रयास' करेंगे। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर कहा कि हम सभी इस राष्ट्रीय त्रासदी से बहुत दुखी हैं और यह वास्तव में हमारे देश के लिए एक कठिन समय है।

पहले भी अफ्रीकी देशों में हो चुके हैं ऐसे हादसे

इससे पहले भी अफ्रीकी देशों में टैंकर दुर्घटना में सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है। तेल लूटने के लिए जुटी भीड़ भी धमाके का शिकार हो गई। 2019 में तंजानिया में एक टैंकर विस्फोट में करीब 50 लोग मारे गए थे। 2018 में कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में ऐसी ही घटना हुई थी।


Next Story