विश्व
अक्टूबर में होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर हमलों की संख्या बढ़ी : यूकेएमटीओ
jantaserishta.com
31 Oct 2026 10:33 AM IST

x
लंदन: यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने अक्टूबर माह में हुए हमलों का एक आंकड़ा पेश किया है। विश्लेषण से पता चलता है कि अक्टूबर में खाड़ी और होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों पर करीब 35 हमले हुए हैं।
फरवरी में अमेरिका और इजरायल ने ईरान के खिलाफ संयुक्त हवाई हमले शुरू किए थे। उसके बाद से इस क्षेत्र में जहाजों पर हमलों के लिहाज से अक्टूबर सबसे खराब महीना रहा है। वहीं, मार्च दूसरा सबसे खराब महीना था। तब लगभग 30 हमले हुए थे।
इस बीच ईरान के आईआरजीसी ने दावा किया कि शुक्रवार को होर्मुज स्ट्रेट में और उसके आसपास चार जहाजों में आग लग गई। यूकेएमटीओ ने उस दिन एक हमले की जानकारी दी, जिसमें बताया गया कि ईरान के लावन द्वीप के दक्षिण में एक जहाज पर किसी वस्तु (प्रोजेक्टाइल) से हमला हुआ, जिससे उसमें आग लग गई।
यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी) का कहना है कि 28 अक्टूबर को समाप्त हुए सप्ताह में, होर्मुज स्ट्रेट से 122 जहाज बाहर गए (आउटबाउंड) और 155 जहाज अंदर आए (इनबाउंड)।
यह संख्या अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू करने से पहले के स्तर की तुलना में लगभग 70 प्रतिशत कम है, लेकिन पिछले सप्ताह के 114 आउटबाउंड और 127 इनबाउंड जहाजों की तुलना में अधिक है।
एजेंसी ने इस दौरान स्ट्रेट में तीन हमलों की रिपोर्ट दी है। उनके आंकड़ों में शुक्रवार को आईआरजीसी द्वारा बताए गए चार टैंकरों से जुड़ी घटनाएं शामिल नहीं हैं। यूकेएमटीओ के अनुसार, एक जहाज ने अपनी यात्रा जारी रखी, दूसरे को मदद की जरूरत पड़ी, जबकि तीसरे जहाज की स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
एजेंसी ने बताया कि 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से होर्मुज जलडमरूमध्य, अदन की खाड़ी और ओमान सागर में अब तक कम से कम 144 हमले हो चुके हैं। बता दें कि होर्मुज में शुक्रवार को 27 भारतीय क्रू सदस्यों वाले तेल टैंकर एमटी लुईस 1 पर हमला हुआ था। पनामा के झंडे वाले इस टैंकर पर दो लिम्पेट माइंस लगाई गई थीं। धमाके की वजह से इंजन रूम में लगी आग को क्रू ने बुझा दिया था।
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने शुक्रवार रात बताया कि सभी नाविक सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं लगी है। मंत्री ने 29 अक्टूबर को हुए हमले का भी अपनी पोस्ट में जिक्र किया था। 29 अक्टूबर को लाइबेरिया के झंडे वाले वीएलसीसी 'एमटी अरजनाह' में 2 भारतीय नागरिक सवार थे और वो भी पूरी तरह से सुरक्षित बताए गए।
TagsUKMTO
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





