
x
पेशावर | पाकिस्तान के प्रेम का खुमार लगता है दुनिया की फिजाओं में पहुंच गया है। सीमा और अंजू के बाद पाक से जुड़ी एक और प्रेम कहानी सामने आई है। एक चीनी महिला अपने पाकिस्तानी प्रेमी से मिलने के लिए खैबर पख्तूनख्वा प्रांत पहुंच गई। जानकारी के अनुसार, इस महिला की दोस्ती भी सोशल मीडिया पर हुई और उसे प्यार हो गया। स्थानीय मीडिया द्वारा गाओ फेंग के रूप में पहचानी गई महिला तीन महीने के यात्रा वीजा पर चीन से गिलगित होते हुए सड़क मार्ग से बुधवार को इस्लामाबाद पहुंची। पुलिस के अनुसार, 21 वर्षीय लड़की से उसके 18 वर्षीय प्रेमी जावेद ने रास्ते में मुलाकात की।
प्रेमी अफगानिस्तान की सीमा से लगे आदिवासी जिले बाजौर का निवासी है। अफगानिस्तान की सीमा से लगे बाजौर जिले में सुरक्षा स्थिति के कारण जावेद महिला को अपने गृहनगर के बजाय निचले दीर जिले के समरबाग तहसील में अपने मामा के घर ले गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों पिछले तीन साल से स्नैपचैट के जरिए संपर्क में थे और दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। निचले दीर जिले के जिला पुलिस अधिकारी जियाउद्दीन ने मीडिया को बताया कि चीनी महिला को समरबाग इलाके में पूरी सुरक्षा प्रदान की गई है। हालांकि, मुहर्रम और क्षेत्र में सुरक्षा चिंताओं के कारण उसे खुले में आने जाने की सुविधा नहीं दी जा रही है।
प्यार की तलाश में चीनी लड़की के पाकिस्तान जाने की खबर ऐसे समय में आई जब एक ऐसी ही घटना में राजस्थान की एक 34 वर्षीय विवाहित भारतीय महिला अंजू अपने 29 वर्षीय पाकिस्तानी दोस्त नसरुल्ला से मिलने के लिए खैबर पख्तूनख्वा के ऊपरी दीर जिले चली गई। फेसबुक पर हुए प्यार के बाद अंजू ने इस्लाम धर्म अपनाकर नसरुल्ला से शादी कर ली और अब उसका नया नाम फातिमा है। इसी तरह की एक अन्य घटना में चार बच्चों की 30 वर्षीय मां सीमा गुलाम हैदर, 22 वर्षीय हिंदू लड़के सचिन मीना के साथ रहने के लिए भारत में छिपकर आई थी। महिला जो 2019 में PUBG खेलने के दौरान उसके संपर्क में आई थी। उत्तर प्रदेश पुलिस के मुताबिक, सीमा और सचिन दिल्ली के पास ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा इलाके में रहते हैं, जहां वह एक प्रोविजन स्टोर चलाते हैं।
Next Story