विश्व

उत्तर कोरिया और रूस ने आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर जताई सहमति, संयुक्त परियोजनाओं को देंगे गति

jantaserishta.com
28 Nov 2026 11:32 AM IST
उत्तर कोरिया और रूस ने आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर जताई सहमति, संयुक्त परियोजनाओं को देंगे गति
x
सोल: उत्तर कोरिया और रूस ने अपने आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। दोनों ने विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त परियोजनाओं को गति देने पर सहमति जताई है। शुक्रवार को प्योंगयांग में द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग से जुड़ी अंतर-सरकारी समिति की 13वीं बैठक आयोजित की गई।
उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) के हवाले से योनहाप न्यूज एजेंसी ने शनिवार को बताया, बैठक में व्यापार, अर्थव्यवस्था, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। प्योंगयांग के असेंबली हॉल में आयोजित इस बैठक में उत्तर कोरिया की ओर से बाहरी आर्थिक संबंधों के मंत्री यून जोंग-हो और रूस की ओर से प्राकृतिक संसाधन एवं पारिस्थितिकी मंत्री अलेक्जेंडर कोज्लोव शामिल हुए। कोज्लोव इस समिति में रूसी पक्ष का नेतृत्व कर रहे थे।
बैठक में उत्तर कोरिया में रूस के राजदूत आंद्रेई पोडेलिशेव सहित दोनों देशों के कई अधिकारी भी मौजूद रहे। केसीएनए के अनुसार, दोनों पक्षों ने आपसी संबंधों, मित्रता और गठबंधन को मजबूत करने तथा आर्थिक सहयोग को सक्रिय बनाकर अपने-अपने देशों के लोगों के कल्याण को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक में बिजली, व्यापार, अर्थव्यवस्था, कृषि, शिक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में सहयोग से जुड़ी परियोजनाओं की पुष्टि की गई। इसके साथ ही व्यापार, अर्थव्यवस्था, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग को लेकर एक प्रोटोकॉल पर हस्ताक्षर भी किए गए।
उत्तर कोरिया के प्रधानमंत्री पाक थाए-सोंग ने भी शुक्रवार को प्योंगयांग में रूसी मंत्री कोज्लोव से मुलाकात की। वहीं, कैबिनेट के प्रथम उपप्रधानमंत्री किम टोक-हुन ने अलग से रूसी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख के साथ बैठक की। केसीएनए के मुताबिक, इस दौरान दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने के उपायों पर उपयोगी बातचीत हुई।
पिछले कुछ समय से प्योंगयांग और मॉस्को के संबंधों में लगातार नजदीकी देखी जा रही है। दोनों देश सैन्य सहयोग के अलावा अर्थव्यवस्था और संस्कृति जैसे गैर-सैन्य क्षेत्रों में भी अपने रिश्तों का विस्तार करने की कोशिश कर रहे हैं।
गुरुवार को उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन ने प्योंगयांग में रूसी कलाकारों के एक विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लिया और रूस से आए प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया था। कार्यक्रम के बाद किम ने रूसी मंत्री कोज्लोव से अलग से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग पर संतोष जताया और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन तक अपनी शुभकामनाएं पहुंचाने का आग्रह किया।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story