अन्य

बलूचिस्तान में विद्रोहियों ने मार गिराए नौ पाक सैनिक, सेना के अभियान में 20 विद्रोही भी ढेर

Subhi
6 Feb 2022 12:45 AM GMT
बलूचिस्तान में विद्रोहियों ने मार गिराए नौ पाक सैनिक, सेना के अभियान में 20 विद्रोही भी ढेर
x
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में विद्रोहियों ने सेना के नौ सैनिकों को मार गिराया है। सेना द्वारा तीन दिनों से चलाए जा रहे अभियान में 20 विद्रोही भी मारे गए हैं। सेना का यह अभियान शनिवार को पूरा हो गया।

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में विद्रोहियों ने सेना के नौ सैनिकों को मार गिराया है। सेना द्वारा तीन दिनों से चलाए जा रहे अभियान में 20 विद्रोही भी मारे गए हैं। सेना का यह अभियान शनिवार को पूरा हो गया। उधर, बलूच विद्रोहियों ने 170 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराने का दावा किया है।

बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने दावा किया है कि उसने बुधवार रात पाकिस्तान के फ्रंटियर का‌र्प्स (एफसी) के नोशकी और पंजगुर शिविरों पर किए गए दो बड़े हमलों में लगभग 170 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों को मार गिराया। वहीं, सेना ने एक बयान जारी कर कहा कि उसने विद्रोहियों को वापस खदेड़ दिया है। प्रधानमंत्री इमरान खान ने ट्वीट कर सुरक्षा बलों को बधाई दी। उन्होंने कहा, 'हम अपने बहादुर सुरक्षा बलों को सलाम करते हैं जिन्होंने बलूचिस्तान के पंजगुर और नोशकी में सुरक्षा बलों के शिविरों के खिलाफ हमलों को नाकाम कर दिया। देश हमारे सुरक्षा बलों के पीछे एकजुट खड़ा है।'

विशेषज्ञों का कहना है कि स्वतंत्रता के प्रति अपने मिशन में बलूच राष्ट्रवादी मुखर हैं। नोशकी और पंजगुर हमले महत्वपूर्ण हैं क्योंकि ये ठीक उसी समय हो रहे हैं जब प्रधानमंत्री इमरान खान चीन का दौरा कर रहे हैं। यह चीन को संदेश भेजता है कि यदि पाकिस्तान के एफसी कैंप बलूच हमलों से सुरक्षित नहीं हैं तो चीन बलूचिस्तान और पाकिस्तान में अपने हितों की रक्षा कैसे करेगा।

दो दिन पहले पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में बलूच विद्रोहियों ने सेना के दो अड्डों को निशाना बनाया था। इसमें पाकिस्तान के सात सैनिकों की मौत हो गई थी वहीं सेना ने 13 विद्रोहियों को मार गिराने का दावा किया है। बलूच विद्रोहियों ने गत 25 जनवरी को प्रांत के केच जिले में एक सैन्य चौकी पर हमला किया था, जिसमें 17 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हुई थी।


Next Story