विश्व

निक्की हेली ने ट्रंप टैरिफ पर किया प्रहार, बताया इसमें खामियां क्या?

jantaserishta.com
21 Aug 2025 11:41 AM IST
निक्की हेली ने ट्रंप टैरिफ पर किया प्रहार, बताया इसमें खामियां क्या?
x
नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर लगाए 50 प्रतिशत टैरिफ का उन्हीं की पार्टी की नेता और दक्षिण कैरोलिना की पूर्व गवर्नर निक्की हेली ने विरोध किया है। हेली ने एक लेख के जरिए ट्रंप टैरिफ की खामियां गिनाई हैं। तर्क दिया है कि टैरिफ नीति से भारत-अमेरिका के वर्षों से चले आ रहे मजबूत संबंध प्रभावित होंगे, इस स्थिति के लिए उन्होंने एक शब्द इस्तेमाल किया है- काउंटर प्रोडक्टिव यानि इसका प्रतिकूल असर यूएस पर पड़ सकता है। अमेरिका को इसका नुकसान उठाना पड़ सकता है।
निक्की हेली ने कहा कि भारत पर टैरिफ लगाना और उसे कमजोर करने की कोशिश बड़ी गलती होगी। उन्होंने कहा कि भारत का विकास सभी के लिए एक मौके की तरह है। यह चीन की तरह खतरनाक नहीं है। चीन रूस से तेल खरीदने के बावजूद अमेरिका के कड़े प्रतिबंध से बचा हुआ है। उन्होंने कहा, "भारत की भारी रूसी तेल खरीद को निशाना बनाकर ट्रंप का कदम सही है," लेकिन साथ ही चेताया कि भारत को साझेदार के बजाय दुश्मन की तरह देखना "एक बड़ी—और रोकी जा सकने वाली—गलती होगी।"
अमेरिका की न्यूजवीक मैगजीन में हेली ने लिखा, "एशिया में चीनी प्रभुत्व के प्रतिकार के रूप में काम करने वाले एकमात्र देश के साथ 25 वर्षों की साझेदारी की गति को रोकना एक रणनीतिक आपदा साबित हो सकती है।"
हेली का ये कहना कि, "भारत के साथ एक बहुमूल्य स्वतंत्र और लोकतांत्रिक साझेदार की तरह व्यवहार किया जाना चाहिए—चीन जैसे विरोधी की तरह नहीं," अमेरिका को समझदारी से काम लेने की नसीहत सरीखा लगता है। निक्की के इस लेख में भारत को सामरिक तौर पर मजबूत साझेदार के तौर पर प्रोजेक्ट किया गया है। कहा गया है कि भारत अमेरिका के लिए सप्लाई चेन का एक महत्वपूर्ण विकल्प बन सकता है। भारत के पास चीन की तरह उत्पादन क्षमता है, जो उन जरूरतों को पूरा कर सकती है। टेक्सटाइल, सस्ते मोबाइल और सोलर पैनल जैसे उत्पाद तुरंत घरेलू स्तर पर बनाना संभव नहीं है।
उन्होंने अमेरिका को अलार्म करते हुए लिखा, भारत मध्यपूर्व में सुरक्षा की दृष्टि से बेहद अहम है। अमेरिका जैसे-जैसे वहां अपनी सैन्य और आर्थिक मौजूदगी कम कर रहा है, भारत की रणनीतिक अहमियत बढ़ती जा रही है और वह चीन के लिए चुनौती साबित हो सकता है।
हेली ने अमेरिकी प्रशासन को भारत के साथ तमाम विवाद दूर करते हुए रिश्ते सामान्य करने की सलाह दी है। बता दें, रूस से कच्चा तेल खरीदने की वजह से अमेरिका ने भारत पर 50 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाया है। 25 प्रतिशत लागू किया जा चुका है जबकि 25 प्रतिशत 27 अगस्त से लागू होगा।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story