विश्व

बांग्लादेश की नई सरकार मंगलवार तक शपथ ले लेगी: यूनुस के प्रेस सचिव

jantaserishta.com
14 Feb 2026 1:44 PM IST
बांग्लादेश की नई सरकार मंगलवार तक शपथ ले लेगी: यूनुस के प्रेस सचिव
x
ढाका: बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस के प्रेस सचिव शफीकुल आलम ने कहा है कि नई सरकार का शपथ ग्रहण बहुत जल्द होगा। उन्होंने दावा किया कि यह सोमवार या मंगलवार के बाद किसी भी तरह से नहीं होगा। यानी तय माना जाना चाहिए कि बांग्लादेश को अपनी नई सरकार के लिए तीन दिन से ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
आलम ने आगे कहा कि शपथ दिलाने के लिए जिम्मेदार अथॉरिटी अभी तय नहीं हुई है, और इसकी घोषणा सही समय पर की जाएगी। 'ढाका ट्रिब्यून' के अनुसार, उन्होंने यह बात शनिवार को राजधानी में फॉरेन सर्विस एकेडमी में पत्रकारों को दिए ब्रीफिंग के दौरान कही।
प्रेस सचिव ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, और मुख्य सलाहकार और कैबिनेट की ओर से जिम्मेदारियां सौंपने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। इस दौरान उन्होंने एक चुनाव क्षेत्र में हुई 200 फीसदी वोटिंग की खबर को भी गलत करार दिया। सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि ये दावे गलत हैं, और यह मुख्य रूप से एक टाइपिंग की गलती थी।
उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने यह रिपोर्ट की, उसने रिटर्निंग ऑफिसर से सलाह लिए बिना ऐसा किया, और बाद में गलती ठीक कर दी गई। इस बीच, प्रमुख बांग्लादेशी मीडिया हाउस 'द डेली स्टार' के मुताबिक तारिक रहमान ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। इसमें वो जीत को लेकर आधिकारिक प्रतिक्रिया देंगे।
बांग्लादेश में गुरुवार को हुए आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की। इलेक्शन कमीशन की ओर से 297 सीटों पर घोषित नतीजों के अनुसार, बीएनपी और उसके सहयोगियों को 212 सीटें। बीएनपी ने अपने दम पर 209 सीटें जीतीं जबकि इसके सहयोगियों में गणोसम्हति आंदोलन, बांग्लादेश जातीय पार्टी (बीजेपी), और गोनो ओधिकार परिषद को एक-एक सीट मिली।
वहीं, जमात और उसके सहयोगियों को 77 सीटें मिलीं। जमात ने 68 सीटें जीतीं, जबकि नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) को छह सीटें मिलीं। 2 सीटों का परिणाम नहीं घोषित किया गया क्योंकि मामला कोर्ट में है।
इसके साथ ही देश में करीब 20 साल बाद बीएनपी सरकार बनेगी। इस जीत के साथ बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान का प्रधानमंत्री बनना लगभग तय है। 2008 से 2024 तक वहां शेख हसीना की आवामी लीग सत्ता में थी। तारिक ने दो सीटों से चुनाव लड़ा था और दोनों पर अच्छी खासी जीत हासिल की। तारिक रहमान की जीत पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा, 'मेरे भाई तारिक, उनकी टीम और बाकी सभी को बधाई।'
तारिक के पीएम पद पर काबिज होने का मतलब साफ है कि बांग्लादेश में 35 साल बाद कोई पुरुष प्रधानमंत्री बनेगा। 1988 में काजी जफर अहमद पीएम बने थे। इसके बाद 1991 से 2024 तक देश की राजनीति में पूर्व पीएम शेख हसीना और खालिदा जिया का दबदबा रहा। ये दोनों ही प्रधानमंत्री बनती रहीं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story