
x
Kathmandu काठमांडू। नेपाल के पर्यटन क्षेत्र के लिए जनवरी महीना उम्मीदों भरा रहा। जनवरी 2026 में देश में विदेशी पर्यटकों की संख्या में साल-दर-साल आधार पर 15 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। नेपाल पर्यटन बोर्ड (एनटीबी) के अनुसार, इस दौरान कुल 92,573 विदेशी पर्यटक नेपाल पहुंचे। एनटीबी ने बताया कि यह आंकड़ा जनवरी 2019, यानी कोविड-19 महामारी से पहले के स्तर की तुलना में भी 14 प्रतिशत अधिक है। यह वृद्धि ऐसे समय में दर्ज की गई है, जब पिछले साल सितंबर में हुए राजनीतिक अशांति और हिंसक प्रदर्शनों के बाद पर्यटन क्षेत्र में गिरावट की आशंका जताई जा रही थी।
सरकारी अनुमानों के मुताबिक, जेन-जी प्रदर्शनों के दौरान 77 लोगों की मौत हुई थी और 84 अरब नेपाली रुपये से अधिक की संपत्ति को नुकसान पहुंचा था। इन हिंसक घटनाओं में कई विदेशी ब्रांडेड होटल भी बुरी तरह प्रभावित हुए थे। हयात रीजेंसी और हिल्टन जैसे प्रतिष्ठित होटल क्षतिग्रस्त हुए, जिनमें हिल्टन होटल पूरी तरह जल गया, जबकि हयात रीजेंसी अभी भी मरम्मत के कारण बंद है। इन घटनाओं के बाद विश्व बैंक ने आने वाले महीनों में विदेशी पर्यटकों की संख्या में तेज गिरावट की आशंका जताई थी। हालांकि, सितंबर में थोड़ी गिरावट के बाद नेपाल में विदेशी पर्यटकों का आगमन धीरे-धीरे बढ़ता रहा, जो देश के पर्यटन उद्योग की मजबूती और लचीलेपन को दर्शाता है।
नेपाल पर्यटन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) दीपक राज जोशी ने कहा कि 2026 के पहले महीने के आंकड़े यह संकेत देते हैं कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजार में नेपाल के प्रति विश्वास धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा, “हाल के वर्षों में गंतव्य प्रचार, हवाई संपर्क का विस्तार, एडवेंचर और सांस्कृतिक पर्यटन में बढ़ती रुचि और अंतरराष्ट्रीय बाजार में नेपाल की बेहतर छवि- ये सभी पर्यटकों की संख्या बढ़ने के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने आगे कहा कि ये सकारात्मक आंकड़े दिखाते हैं कि नेपाल एक “लाइफटाइम एक्सपीरियंस डेस्टिनेशन” के रूप में स्थापित हो रहा है।
एनटीबी के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी में भारत पर्यटकों का सबसे बड़ा स्रोत देश रहा। इस दौरान 26,624 भारतीय पर्यटक नेपाल पहुंचे, जो कुल आगमन का 28.8 प्रतिशत है। इसके बाद चीन से 9,101 पर्यटक (9.8 प्रतिशत), अमेरिका से 8,406 (9.1 प्रतिशत), बांग्लादेश से 5,814 (6.3 प्रतिशत) और ऑस्ट्रेलिया से 4,957 पर्यटक (5.4 प्रतिशत) पहुंचे। क्षेत्रीय स्तर पर, दक्षिण एशियाई देशों (सार्क) का कुल पर्यटक आगमन में 39.3 प्रतिशत हिस्सा रहा। इसके बाद अन्य एशियाई देशों से 26.1 प्रतिशत, यूरोप से 12.3 प्रतिशत, अमेरिका महाद्वीप से 10.8 प्रतिशत और ओशिनिया से 5.7 प्रतिशत पर्यटक आए। मध्य पूर्व से 1 प्रतिशत और अफ्रीका से 0.4 प्रतिशत पर्यटक नेपाल पहुंचे, जबकि अन्य क्षेत्रों का योगदान 4.5 प्रतिशत रहा। पूरे साल 2025 में नेपाल ने 11.5 लाख विदेशी पर्यटकों का स्वागत किया, जो 2024 की तुलना में एक प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।
Tagsनेपाल पर्यटनविदेशी पर्यटकनेपाल पर्यटन बोर्डजनवरी 2026कोविड से उबरता पर्यटनकाठमांडू न्यूजभारतीय पर्यटकहिल्टन होटलहयात रीजेंसीराजनीतिक अशांतिविश्व बैंक रिपोर्टएडवेंचर टूरिज्मसांस्कृतिक पर्यटनसाउथ एशिया टूरिज्मजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





