विश्व
इस सप्ताह भारत की कूटनीति के केंद्र में रहा नेपाल, हिंद महासागर और व्यापार
jantaserishta.com
29 Nov 2026 11:34 AM IST

x
नई दिल्ली: नवंबर 2026 का आखिरी सप्ताह भारत के लिए कूटनीतिक और रणनीतिक लिहाज से काफी अहम रहा। पड़ोसी देश नेपाल के साथ रिश्तों को नई आर्थिक और विकासात्मक साझेदारी मिली, हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सहयोग मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़े, वैश्विक मंच पर फिलिस्तीन को मानवीय मुद्दे पर समर्थन देने से लेकर अमेरिका के साथ व्यापारिक बातचीत में नए टैरिफ प्रस्ताव तक, भारत की विदेश नीति के कई आयाम इस सप्ताह चर्चा में रहे।
इस सप्ताह की सबसे महत्वपूर्ण घटनाओं में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की पहली भारत यात्रा शामिल रही। 22 और 23 नवंबर को हुई इस राजकीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शाह के बीच व्यापक द्विपक्षीय बातचीत हुई। दोनों देशों ने अपने ऐतिहासिक संबंधों को आधुनिक आर्थिक और विकासात्मक साझेदारी में बदलने पर जोर दिया।
भारत ने नेपाल के पुनर्निर्माण और विकास के लिए 15,000 करोड़ रुपये की सहायता देने की घोषणा की। इसमें 3,500 करोड़ रुपये का अनुदान और ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं के लिए 11,500 करोड़ रुपये की ऋण सुविधा शामिल है। दोनों देशों ने रेल और सड़क संपर्क, ऊर्जा, पेट्रोलियम पाइपलाइन, डिजिटल भुगतान, व्यापार और निवेश को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। अयोध्या-जनकपुर सीधी रेल सेवा और महाकाली नदी पर पुल जैसी संपर्क परियोजनाएं भी इस साझेदारी का हिस्सा हैं।
इस सप्ताह भारत की समुद्री कूटनीति भी चर्चा के केंद्र में रही। विदेश मंत्री एस. जयशंकर की मेजबानी में नई दिल्ली में हिंद महासागर क्षेत्रीय सहयोग संगठन (आईओआरए) की 25वीं मंत्रिपरिषद बैठक 27 नवंबर को आयोजित हुई। इसमें हिंद महासागर से जुड़े देशों ने समुद्री सुरक्षा, व्यापार, ऊर्जा, संपर्क और क्षेत्रीय सहयोग पर विचार-विमर्श किया।
भारत ने संगठन की संस्थागत और वित्तीय क्षमता मजबूत करने के लिए पांच लाख डॉलर की सहायता देने की घोषणा की। बैठक में समुद्री विज्ञान और समुद्री कानून के क्षेत्र में उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने के भारतीय प्रस्तावों को भी समर्थन मिला।
जयशंकर ने कहा कि हिंद महासागर वैश्विक व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक समृद्धि के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने समुद्री मार्गों की सुरक्षा, जहाजों और नाविकों पर हमलों, आतंकवाद, मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध मछली पकड़ने जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस बैठक का महत्व भारत की महासागर (म्यूचुअल एंड होलिस्टिक एडवांसमेंट फॉर सिक्योरिटी एंड ग्रोथ अक्रॉस द रीजन) परिकल्पना के संदर्भ में भी है। भारत हिंद महासागर क्षेत्र में केवल अपनी समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि क्षेत्रीय देशों के साथ विकास, क्षमता निर्माण और साझा समृद्धि की साझेदारी को भी आगे बढ़ा रहा है।
इसी व्यापक समुद्री सुरक्षा प्रयास के तहत राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने मालदीव में कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव की बैठक (25 नवंबर) में हिस्सा लिया। इस मंच पर भारत, मालदीव, श्रीलंका और अन्य क्षेत्रीय भागीदारों के बीच समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद-निरोध, साइबर सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे मुद्दों पर सहयोग महत्वपूर्ण रहा। यह पहल हिंद महासागर में उभरती सुरक्षा चुनौतियों के बीच भारत की भूमिका को रेखांकित करती है।
भारत और फिलिस्तीन के संबंध भी इस सप्ताह मानवीय सहायता के कारण चर्चा में रहे। भारत ने 24 नवंबर को संयुक्त राष्ट्र राहत एवं कार्य एजेंसी (यूएनआरडब्ल्यूए) को फिलिस्तीनी शरणार्थियों की सहायता के लिए 25 लाख डॉलर की राशि सौंपी। यह वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की पांच लाख डॉलर नहीं, बल्कि 50 लाख डॉलर की वार्षिक प्रतिबद्धता का हिस्सा है।
राशि का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और राहत कार्यक्रमों के लिए किया जाएगा। भारत की इस सहायता की फिलिस्तीनी राजदूत अब्दुल्ला एम. अबू शावेश ने सराहना की और इसे मुश्किल समय में फिलिस्तीन के प्रति भारत के राजनीतिक तथा आर्थिक समर्थन का महत्वपूर्ण संकेत बताया।
भारत ने संयुक्त राष्ट्र में भी फिलिस्तीनी जनता के अधिकारों और दो-राष्ट्र समाधान के प्रति अपना समर्थन दोहराया है। भारत का आधिकारिक रुख एक संप्रभु, स्वतंत्र और व्यवहार्य फिलिस्तीन राष्ट्र की स्थापना का है, जो इजरायल के साथ सुरक्षित और मान्यता प्राप्त सीमाओं के भीतर शांतिपूर्वक रह सके।
भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों में भी इस सप्ताह एक नया घटनाक्रम सामने आया। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) जैमिसन ग्रीर ने कहा कि यदि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता होता है तो भारतीय वस्तुओं पर प्रस्तावित टैरिफ दर 17 प्रतिशत तक सीमित की जा सकती है। समझौता नहीं होने की स्थिति में यह दर 25 प्रतिशत तक जा सकती है।
अमेरिका की ओर से यह प्रस्ताव ऐसे समय आया है जब दोनों देश लंबे समय से द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे हैं। अमेरिकी पक्ष ने भारत की औद्योगिक नीतियों और बाजार पहुंच से जुड़े मुद्दे उठाए हैं, जबकि भारत ने इन आरोपों पर अपनी असहमति जताई है।
भारतीय वाणिज्य मंत्रालय ने 25 नवंबर को एक बयान जारी करते हुए कहा कि वह अमेरिकी प्रस्ताव की जांच कर रहा है और व्यापार से जुड़े मुद्दों का समाधान जारी द्विपक्षीय व्यापार वार्ता के ढांचे में किया जाना चाहिए। इस घटनाक्रम से साफ है कि दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी के साथ आर्थिक हितों को लेकर बातचीत भी उतनी ही महत्वपूर्ण बनी हुई है। हालांकि,17 प्रतिशत की दर फिलहाल कोई लागू टैरिफ नहीं, बल्कि व्यापार समझौते से जुड़ा प्रस्ताव है।
तो सप्ताहांत डेनमार्क के विदेश मंत्री का भारत दौरा सुर्खियों में रहा। 28 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित 5वीं संयुक्त आयोग की बैठक में दोनों देशों ने आगामी वर्षों के लिए सहयोग का रोडमैप तय किया है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर और डेनमार्क के उनके समकक्ष लार्स लोक्के रासमुसेन ने नई दिल्ली में 5वीं भारत-डेनमार्क संयुक्त आयोग की बैठक के दौरान 5 वर्षीय संयुक्त कार्ययोजना (2027–2031) को अपनाया।
TagsNepal
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





