विश्व

नाटो का भी सैन्य तैनाती बढ़ाने का फैसला, यूक्रेन में घुसी रूस की सेना, अमेरिका ने की एफ-35 की तैनाती

Gulabi
23 Feb 2022 4:57 PM GMT
नाटो का भी सैन्य तैनाती बढ़ाने का फैसला, यूक्रेन में घुसी रूस की सेना,  अमेरिका ने की एफ-35 की तैनाती
x
नाटो का भी सैन्य तैनाती बढ़ाने का फैसला
कीव, रायटर। हर बीतते क्षण के साथ यूक्रेन का संकट बढ़ रहा है। अघोषित तौर पर यूक्रेन पर रूस का हमला हो चुका है। रूस के टैंक पूर्वी यूक्रेन के डोनेस्क और लुहांस्क में दाखिल हो चुके हैं और रूसी सैनिक विद्रोहियों के साथ मिलकर यूक्रेन सेना के नियंत्रण वाले इलाके की ओर बढ़ रहे हैं। इस दौरान झड़प में छह यूक्रेनी सैनिकों के मारे जाने और कुछ के घायल होने की खबर है। पता चला है कि रूस की योजना स्वतंत्र घोषित किए डोनेस्क और लुहांस्क के उन हिस्सों पर भी कब्जा करने की है जिन पर विद्रोहियों का कब्जा नहीं था। इसके चलते रूसी सैनिकों का यूक्रेन सेना के साथ टकराव होना तय है। प्रतिबंधों से रूसी सैनिकों के कदम न रुकते देख अमेरिका ने अब क्षेत्र में अत्याधुनिक एफ-35 लड़ाकू विमान और अपाचे अटैक हेलीकाप्टर तैनात करने का फैसला किया है। आठ विमान और 32 हेलीकाप्टर बाल्टिक देशों-एस्टोनिया, लिथुआनिया और लातविया में तैनात किए जा रहे हैं।
नाटो देशों का आक्रामक रुख
नाटो (उत्तर अटलांटिक संधि संगठन) के इन तीन सदस्य देशों के अतिरिक्त अमेरिका व सहयोगी देश पोलैंड, रोमानिया और हंगरी में भी सैन्य तैनाती बढ़ा रहे हैं। जिन देशों में सैन्य तैनाती बढ़ाई जा रही है वे सभी रूस के पड़ोसी देश हैं। लेकिन इस सबसे बेपरवाह रूस यूक्रेन पर अपना दबाव बढ़ा रहा है। रूस ने बेलारूस में अपनी सैन्य तैनाती बढ़ा दी है और वहां पर अस्थायी सैन्य अस्पताल भी स्थापित कर दिया है। रूस में पहले से ही 30 हजार सैनिक मौजूद हैं। बेलारूस यूक्रेन का पड़ोसी देश है और उसकी सीमा से यूक्रेन की राजधानी कीव की दूरी सिर्फ 75 किलोमीटर है। माना जा रहा है कि रूसी सैनिकों का कीव पर हमला यहीं से होगा।
यूक्रेन में आपातस्थिति, रूस पर कड़े प्रतिबंधों की मांग
तेजी से बिगड़ते हालात के बीच यूक्रेन सरकार ने देश में आपातस्थिति लागू कर दी है और जरूरत पड़ने पर देश में कफ्र्यू लगाने की घोषणा की है। राष्ट्रपति वोलोदोमीर जेलेंस्की ने रूसी सेना के बढ़ते कदमों को रोकने के लिए अमेरिका समेत सभी पश्चिमी देशों से रूस पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाने की मांग की है। लेकिन नाटो में शामिल होने की यूक्रेन की इच्छा में कहीं से भी कमजोरी का भाव प्रतीत नहीं हो रहा है। सरकार ने रूस से टक्कर लेने का संकल्प जाहिर किया है। खतरे को बढ़ता देख देश के सभी राजनीतिक दल एकजुट होकर सरकार के साथ आ गए हैं। सरकार ने अर्थव्यवस्था को गतिशील बनाए रखने के लिए कर कम करने समेत कई कदमों का एलान किया है।
कूटनीतिक प्रयासों को जोर का झटका
भारतीय समयानुसार सोमवार रात यूक्रेन के विद्रोहियों के कब्जे वाले इलाकों को स्वतंत्र देश घोषित करने की रूसी राष्ट्रपति पुतिन की घोषणा से तनाव कम करने के कूटनीतिक प्रयासों को जोर का झटका लगा है। राष्ट्रपति जो बाइडन की रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात की संभावना खत्म होने के साथ ही अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव से गुरुवार को होने वाली मुलाकात रद कर दी है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के प्रयास भी खटाई में पड़ गए हैं। रूसी कदम की निंदा करने के साथ ही उन्होंने मध्यस्थता के अपने प्रयास रोक दिए हैं।
कीव और सीमावर्ती इलाकों में चिंता का साया, पलायन
रूसी सैनिकों के सीमा में दाखिल होने का असर यूक्रेन के जनमानस पर भी दिखाई दे रहा है। डोनेस्क और लुहांस्क के जिन इलाकों पर यूक्रेन की सेना का कब्जा है, वहां से लोगों का पलायन शुरू हो गया है। चंद रोज पहले तक मुकाबले का जोश दिखा रहे लोग अब सुरक्षा के लिए ठिकाने तलाश रहे हैं। राजधानी कीव, अन्य प्रमुख शहरों और सीमावर्ती इलाकों में लोगों में चिंता का भाव स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है। बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लोगों की आमदरफ्त कम हो गई है। जरूरी सामानों की बिक्री बढ़ गई है और लोग सुरक्षित स्थानों पर जाने लगे हैं।
Next Story