विश्व

नासा ने इंटरनेशनल मून डे पर शेयर किया चंद्रमा की सतह का वीडियो

Rounak Dey
21 July 2022 12:53 PM IST
नासा ने इंटरनेशनल मून डे पर शेयर किया चंद्रमा की सतह का वीडियो
x
इस जगह को NGC 3324 के नाम से जाना जाता है, जहां पर नए सितारे पैदा होते हैं।

वॉशिंगटन : अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा धरतीवासियों को अंतरिक्ष के अद्भुत नजारे दिखाती रहती है। फिर चाहें वह जेम्स वेब टेलिस्कोप की ऐतिहासिक तस्वीरें हों या फिर पर्सिवियरेंस रोवर का मंगल का आकर्षक दृश्य। नासा ने इसी कड़ी में चंद्रमा का एक वीडियो शेयर किया है जो चंद्रमा की सतह पर नील आर्मस्ट्रांग और बज़ एल्ड्रिन की लैंडिंग और ट्रैक को जूम करता है। अपोलो 11 की लैंडिंग के 53 साल बाद भी चंद्रमा पर इंसान के पहले कदमों के निशान आज भी देखे जा सकते हैं।

स्पेस एजेंसी ने बुधवार को ट्विटर पर लिखा, 'आज अपोलो 11 की चंद्रमा पर लैंडिंग की वर्षगांठ है।' 20 जुलाई को अपोलो 11 मिशन चंद्रमा पर उतरा था, इसीलिए इस दिन 'इंटरनेशनल मून डे' मनाया जाता है। नासा ने ट्वीट में कहा, 'लूनर रिकोनिसेंस ऑर्बिटर से रिकॉर्ड किया गया यह वीडियो ऐस्ट्रोनॉट्स के कदमों के निशान दिखाता है, जो इतने साल बीतने के बाद भी वहां मौजूद हैं।' स्पेस एजेंसी के अनुसार अपोलो 11 ने रोवर और सर्वेयर जैसी रोबोटिक खोजों और अपोलो 8, 9 और 10 जैसे क्रू मिशन के लिए मार्ग प्रशस्त किया।


1.4 पेटाबाइट्स डेटा भेज चुका है ऑर्बिटर
लूनर रिकोनिसेंस ऑर्बिटर 2009 से चंद्रमा पर खोज कर रहा है। यह अब तक एजेंसी के किसी भी अन्य प्लैनेटरी मिशन की तुलना में अधिक डेटा, करीब 1.4 पेटाबाइट्स, धरती पर भेज चुका है। कुछ अनुमानों की मानें तो एक पेटाबाइट्स 500 अरब पेजों के बराबर होता है। नासा ने बुधवार को कहा कि उसने अपने आर्टेमिस मिशन के लिए तीन संभावित तारीखों का चयन किया है जिसके तहत पहली महिला चंद्रमा पर कदम रखेगी।
नासा के जेम्स वेब टेलिस्कोप ने किया कमाल
पिछले दिनों नासा के जेम्स वेब टेलिस्कोप ने अंतरिक्ष से इंसानियत को वे तस्वीरें खींच कर दीं जो आज से पहले कभी नहीं देखी गईं। 12 जुलाई को जेम्स वेब टेलीस्कोप की पहली रंगीन तस्वीरें दुनिया के सामने आई थीं। उसके बाद चार और तस्वीरें देखने को मिली हैं, जो इतनी शार्प हैं, जितनी पहले कभी नहीं थीं। अंतरिक्ष की ये रंगबिरंगी तस्वीरें देखने लगें तो इनसे नजरें ही नहीं हटती हैं। जेम्स वेब टेलीस्कोप ने करीना नेब्यूला की भी फोटो खींची है जो एक पहाड़ की तरह दिख रहा है। इस जगह को NGC 3324 के नाम से जाना जाता है, जहां पर नए सितारे पैदा होते हैं।

Next Story