विश्व

NASA ने एलियन को लेकर किया चौंकाने वाला दावा, शनि के चांद पर जीवन होने का प्रमाण

Neha Dani
10 July 2021 7:53 AM GMT
NASA ने एलियन को लेकर किया चौंकाने वाला दावा, शनि के चांद पर जीवन होने का प्रमाण
x
इस उपग्रह की सतह के नीचे एक समुद्र है जो बर्फ से दबा हुआ है जिसके अंदर गरमी है। ऐसी स्थिती में वहां जीवन की कल्पना करना संभव है।

दुनिया में एलियन के अस्तित्व को लेकर हमेशा से बहस चली आई है। इसे लेकर दुनिया के अलग-अलग कोने में विशेषज्ञों द्वारा शोध भी प्रकाशित होते रहे हैं। हालही में नासा ने एलियन को लेकर चौंकाने वाला दावा किया है। एक वेबसाइट पर चल रही खबर के अनुसार नेचर एस्ट्रॉनॉमी जर्नल में पब्लिश एक स्टडी में कहा गया है कि शनि पर विशेष खोज के लिए भेजे गए नासा के उपग्रह कैसिनी ने इस बारे में पुख्ता आंकड़े दर्ज किए हैं। जिसके मुताबिक शनि ग्रह के चंद्रमा, एन्केलैडस पर एलियन होने की संभावनाए जताई जा रही हैं।

एलियन पर किए गए अध्ययन में खगोलविज्ञान के पांच शोधकर्ता शामिल हैं। इसके अनुसार कैसिनी मिशन के दौरान एन्कैलैडस की सतह पर बड़ी मात्रा में मीथेन पाया गया। इसमें कार्बन और हाइड्रोजन मिला हुआ है। इसके साथ ही उपग्रह की सतह पर काफी मात्रा में डिहाइड्रोजन के मॉलीक्यूल्स और कार्बन डाइ आक्साइड भी पाई गई है। इन सभी का इतनी मात्रा में मिलना तभी संभव है जब यह किसी जीवंत वस्तु के संपर्क में आए हों।
शोधकर्ताओं के अनुसार यदि धरती पर जीवन को लेकर मिलने वाली बातें सच हैं तो शनि के इस उपग्रह पर मिली चीजें इस बात की पुष्टि करती है कि वहां भी किसी न किसी प्रकार में जीवन है।
बता दें कि शनि के चंद्रमा एन्केलैडस पर बहुत बार जीवन होने की संभावनाएं जताई गई है। कई शोधकर्ताओं ने इसे लेकर बहुत बार अध्ययन भी किया है। इस उपग्रह की सतह के नीचे एक समुद्र है जो बर्फ से दबा हुआ है जिसके अंदर गरमी है। ऐसी स्थिती में वहां जीवन की कल्पना करना संभव है।

Next Story