विश्व

म्यांमार: एक साल में 1500 से ज्यादा लोगों की मौत, तख्तापलट की पहली बरसी पर प्रदर्शन और हिंसा

Gulabi
1 Feb 2022 5:20 PM GMT
म्यांमार: एक साल में 1500 से ज्यादा लोगों की मौत, तख्तापलट की पहली बरसी पर प्रदर्शन और हिंसा
x
म्यांमार में सैन्य तख्तापलट की पहली बरसी पर मंगलवार को देशभर में विरोध प्रदर्शन किए गए
बैंकाक, एजेंसियां। म्यांमार में सैन्य तख्तापलट की पहली बरसी पर मंगलवार को देशभर में विरोध प्रदर्शन किए गए। कुछ जगहों पर हिंसा की भी खबर है। इधर, संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों ने कहा कि म्यांमार में गृह युद्ध जैसी स्थिति है। इंटरनेट मीडिया पर राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन की तस्वीरें और वीडियो डाले गए हैं। हालांकि, देश के सबसे बड़े शहर यंगून और अन्य शहरों में लोग घरों में रहे और सड़कें सूनी रहीं। थाइलैंड के साथ लगती पूर्वी सीमा पर एक कस्बे में तख्तापलट समर्थक रैली में हुए विस्फोट में दो लोग मारे गए और दर्जनों घायल हो गए। पिछले वर्ष एक फरवरी को सेना ने आंग सान सू की के नेतृत्व वाली निर्वाचित सरकार को अपदस्थ कर सत्ता पर कब्जा कर लिया था।
अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा ने अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाया
समाचार एजेंसी रायटर के अनुसार, तख्तापलट के एक वर्ष बाद अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा ने म्यांमार के कई शीर्ष अधिकारियों के खिलाफ प्रतिबंध लगा दिया है। एक साल से हो रहे विरोध प्रदर्शनों में 1,500 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। जबकि 11,787 लोगों को पकड़ा गया। सू की और उनकी नेशनल लीग फार डेमोक्रेसी (एनएलडी) पार्टी के सदस्यों समेत 8,792 लोग अब भी हिरासत में हैं।
1 फरवरी, 2021 को हुआ था तख्तापलट
गौरतलब है कि 1 फरवरी, 2021 को सेना ने तख्तापलट ने आंग सू की की चुनी हुई सरकार को हटा दिया, जिसकी नेशनल लीग फार डेमोक्रेसी पार्टी 2020 नवंबर के चुनाव में शानदार जीत हासिल करने के बाद दूसरा कार्यकाल शुरू करने वाली थी। तख्तापलट के बाद देश में व्यापक प्रदर्शन देखने को मिला। इस दौरान हिंसा भी हुई और लगभग 1,500 नागरिक मारे गए हैं। इसने अंतरराष्ट्रीय ध्यान भी आकर्षित किया है। विशेष रूप से संयुक्त राज्य अमेरिका और पश्चिमी देशों ने तख्तापलट की आलोचना की है।
Next Story