मोस्ट वांटेड टेररिस्ट का खात्मा, हाफिज सईद का राइट हैंड अबु कताल सिंघी मारा गया

पाकिस्तान। पाकिस्तान में आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा के मोस्ट वांटेड टेररिस्ट की हत्या कर दी गई है. मरने वाले आतंकी की पहचान अबु कताल सिंघी के रूप में हुई है. ये घटना शनिवार रात 8 बजे की है. अबु कताल NIA से वांटेड था. आर्मी समेत तमाम सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ा सिरदर्द बन गया था.
आतंकी अबु कताल, हाफिज सईद का बेहद करीबी था. हाफिज मुंबई हमले का मास्टरमाइंड है. 26/11 मुंबई आतंकी हमले में 166 लोगों की मौत हुई थी. लश्कर-ए-तैयबा के 10 पाकिस्तानी आतंकियों ने मुंबई के कई स्थानों पर हमला किया था. इस घटना को लेकर पाकिस्तान और भारत के बीच रिश्ते बिगड़ गए. दोनों देशों के बीच युद्ध जैसे हालात पैदा हो गए.
बताते चलें कि 9 जून को जम्मू कश्मीर रियासी के शिव-खोड़ी मंदिर से लौट रहे तीर्थयात्रियों की बस पर आतंकियों ने हमला किया था, उस हमले का एक मास्टरमाइंड भी अबु कताल सिंघी ही था. इसके अलावा, कश्मीर में कई बड़े हमलों का मास्टरमाइंड भी अबु कताल को माना गया. एनआईए की प्रेस विज्ञप्ति में 2023 राजौरी हमले के लिए अबू क़ताल को दोषी ठहराया गया.





