विश्व
यूक्रेन युद्ध में 6,000 से अधिक उत्तर कोरियाई सैनिक हताहत: ब्रिटिश रक्षा मंत्रालय
jantaserishta.com
16 Jun 2025 1:29 PM IST

x
सोल: ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने रूस के कुर्स्क क्षेत्र में यूक्रेनी सेना के खिलाफ लड़ाई में उत्तर कोरिया के 6,000 से अधिक सैनिकों के हताहत होने का अनुमान जताया है। मंत्रालय ने रविवार को 'एक्स' पोस्ट पर यह आकलन साझा किया। मंत्रालय का यह आकलन अप्रैल की शुरुआत में रूस के पश्चिमी सीमावर्ती क्षेत्र कुर्स्क में 5,000 से अधिक उत्तर कोरियाई सैनिकों के हताहत होने के अनुमान के दो महीने बाद आया है।
मंत्रालय ने कहा, "कुल हताहतों की संख्या कुर्स्क क्षेत्र में शुरू में तैनात किए गए लगभग 11,000 डीपीआरके सैनिकों के आधे से ज्यादा है।" डीपीआरके उत्तर कोरिया का आधिकारिक नाम है, जिसका मतलब है- डेमोक्रेटिक पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ कोरिया।
मंत्रालय के अनुसार अब तक युद्ध में उत्तर कोरिया की कार्रवाई कुर्स्क क्षेत्र तक ही सीमित रही है। मंत्रालय ने कहा कि यूक्रेनी क्षेत्र में तैनाती के किसी भी फैसले के लिए संभवतः रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन की मंजूरी जरूरी होती है। 'योनहाप समाचार एजेंसी' ने दक्षिण कोरिया की सेना के हवाले से बताया है कि, पिछले साल रूस में लगभग 11,000 सैनिकों को तैनात करने के बाद, उत्तर कोरिया ने इस साल कुर्स्क क्षेत्र में अतिरिक्त 3,000 सैनिक भेजे हैं।
नेशनल इंटेलिजेंस सर्विस अप्रैल के अंत में सांसदों को उत्तर कोरिया में 600 लोगों की मौत के साथ ही लगभग 4,700 लोगों के हताहत होने की सूचना दे चुका था। इससे पहले 28 अप्रैल को, उत्तर कोरिया ने पहली बार पुष्टि की थी कि उसने 'आपसी रक्षा संधि' के तहत यूक्रेन के खिलाफ मास्को के युद्ध का समर्थन करने के लिए रूस में सैनिकों को तैनात किया था। दावा किया गया कि उत्तर के सैनिकों ने रूस को कुर्स्क पर नियंत्रण हासिल करने में मदद की।
उत्तर कोरिया की कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) के अनुसार, उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन के आदेश पर यह तैनाती की गई थी, जो प्योंगयांग और मॉस्को के बीच आपसी रक्षा संधि के तहत है। केसीएनए के अनुसार रूसी संघ पर यूक्रेनी प्रशासन के दुस्साहसी हमले को रोकने और कुर्स्क क्षेत्र को मुक्त कराने के लिए किए गए अभियान सफलतापूर्वक समाप्त हो गए।
Tagsयूक्रेन युद्धब्रिटिश रक्षा मंत्रालयउत्तर कोरियाई सैनिकUkraine warBritish Defense MinistryNorth Korean soldiers
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





