विश्व

1912 से चली आ रही परंपरा में जुड़ा नया अध्याय, मेलानिया ट्रंप ने 2025 शपथग्रहण गाउन म्यूजियम को किया दान

jantaserishta.com
21 Feb 2026 1:43 PM IST
1912 से चली आ रही परंपरा में जुड़ा नया अध्याय, मेलानिया ट्रंप ने 2025 शपथग्रहण गाउन म्यूजियम को किया दान
x
वॉशिंगटन: अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने अपनी 2025 के शपथग्रहण समारोह में पहने गए गाउन को स्मिथसोनियन नेशनल म्यूजियम ऑफ अमेरिकन हिस्ट्री को दान कर दिया है। उन्होंने कहा कि “अमेरिका का फैशन उद्योग दुनिया का नेतृत्व कर सकता है।” मेलानिया ने कहा, “हर सिलाई में मानवीय भावना समाई होती है।
यह गाउन अब संग्रहालय के ऐतिहासिक ‘फर्स्ट लेडीज कलेक्शन’ का हिस्सा बन गया है। 1912 में स्थापित इस संग्रह में प्रथम महिलाओं द्वारा पहने गए शपथग्रहण परिधानों को प्रदर्शित किया जाता है और यह स्मिथसोनियन की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली प्रदर्शनियों में से एक है।
मेलानिया ने कहा, “यह सिर्फ एक ड्रेस नहीं है। यह 50 से अधिक वर्षों की शिक्षा, अनुभव और समझ का परिणाम है, जो हर धागे और हर सिलाई में झलकता है।” यह ऑफ-व्हाइट सिल्क क्रेप का स्ट्रैपलेस गाउन डिजाइनर हार्वे पियरे ने तैयार किया था, जिसे काले सिल्क गजार से सजाया गया है। इसे हैरी विंस्टन द्वारा 1955 में बनाए गए हीरे के ब्रोच की प्रतिकृति के साथ पहना गया था, जिसे काले रिबन चोकर पर लगाया गया था।
मेलानिया ट्रंप ने इस डिजाइन को अमेरिकी कारीगरी को समर्पित बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे जटिल परिधान को तैयार करना आसान नहीं होता और इसके पीछे पैटर्न मेकर्स, दर्जियों और कारीगरों की एक उत्कृष्ट टीम का योगदान होता है। यह इस बात का प्रमाण है कि अमेरिका का फैशन उद्योग दुनिया का नेतृत्व क्यों कर सकता है।
मेलानिया ट्रंप ने कहा, “मुझे डिजाइन की पूरी प्रक्रिया, शुरुआत से अंत तक बेहद पसंद है। इसमें समय लगता है, यह धीमी प्रक्रिया है, लेकिन परिणाम हमेशा जादुई होता है।” उन्होंने कहा, “हमें न केवल अपनी देखभाल की छोटी-छोटी परंपराओं पर गर्व करना चाहिए, बल्कि आत्म-अभिव्यक्ति के साहसिक कदम पर भी—जो दुनिया के सामने हमारे व्यक्तित्व को दर्शाता है।”
मेलानिया ट्रंप पहली ऐसी प्रथम महिला हैं जिन्होंने दूसरी बार अपना शपथग्रहण गाउन दान किया है। वह इतिहास की दूसरी प्रथम महिला हैं जिनके दो शपथग्रहण गाउन इस संग्रह में शामिल हैं। उनसे पहले यह सम्मान 1897 और 1901 में आइडा मैकिनले को मिला था।
यह गाउन अब नेशनल म्यूजियम ऑफ अमेरिकन हिस्ट्री में आम जनता के लिए प्रदर्शित है। संग्रहालय प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक खुला रहता है और प्रवेश निशुल्क है।
स्मिथसोनियन का फर्स्ट लेडीज कलेक्शन एक सदी से भी अधिक पुराना है और इसमें गाउन से लेकर निजी सामान और व्हाइट हाउस की यादगार वस्तुओं तक लगभग 1,000 वस्तुएं शामिल हैं। इस प्रदर्शनी को लंबे समय से राष्ट्रपति जीवनसाथियों की बदलती शैली और सार्वजनिक भूमिकाओं के सांस्कृतिक प्रतीक के रूप में देखा जाता रहा है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story