विश्व

अमेरिका और रूस के साथ बैठक 'रचनात्मक और काफी महत्वपूर्ण' रही : जेलेंस्की

jantaserishta.com
11 Nov 2026 8:35 AM IST
अमेरिका और रूस के साथ बैठक रचनात्मक और काफी महत्वपूर्ण रही : जेलेंस्की
x
कीव: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि अबू धाबी में यूक्रेन, अमेरिका और रूस के बीच दो दिवसीय त्रिपक्षीय वार्ता का पहला दिन "रचनात्मक और काफी सार्थक" रहा। मंगलवार (स्थानीय समयानुसार) को यूक्रेन की वार्ता टीम से बातचीत के बाद, जेलेंस्की ने एक्स पर एक बयान में कहा कि चर्चा मानवीय मुद्दों पर केंद्रित थी, जिसमें कैदियों की रिहाई और यूक्रेन के लिए सुरक्षा गारंटी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि तनाव कम करने के उपायों पर भी चर्चा हुई।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, जेलेंस्की ने बताया कि उन्होंने यूक्रेन की वार्ता टीम को बुधवार को होने वाली आगे की बातचीत के लिए स्पष्ट निर्देश दिए हैं। साथ ही, आने वाले दिनों में अमेरिकी राष्ट्रपति के दूतों और यूरोपीय प्रतिनिधियों के साथ होने वाली व्यापक बैठकों के लिए भी निर्देश दिए गए हैं।
इससे पहले मंगलवार को, रूस, अमेरिका और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों ने संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में मुलाकात की। फरवरी के बाद यह उनकी पहली त्रिपक्षीय वार्ता थी। इस त्रिपक्षीय वार्ता से पहले, यूक्रेनी टीम ने ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी और इटली के प्रतिनिधियों के साथ-साथ नाटो और यूरोपीय आयोग के अधिकारियों से मुलाकात की। इस बैठक में अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर भी शामिल हुए।
इस बीच, रूस और यूक्रेन के बीच हमले जारी हैं। स्थानीय नेता लियोनिद पासेचनिक ने मंगलवार को बताया कि पिछले 24 घंटों में लुगांस्क क्षेत्र में यूक्रेनी हमलों में पांच आम नागरिक मारे गए, जिनमें बस में सवार एक यात्री भी शामिल है।
पासेचनिक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर कहा, "हमारे गणतंत्र के लिए यह एक कठिन दिन रहा है: पांच लोग मारे गए और चार अन्य घायल हो गए।" वहीं, रूसी विदेश मंत्रालय के एंबेसडर-एट-लार्ज रोडियन मिरोशनिक ने उसी दिन पत्रकारों को बताया कि पिछले दो हफ्तों में यूक्रेनी हमलों में जापोरिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र के तीन कर्मचारी मारे गए हैं।

jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story