
x
286 दिन समुद्र में रहने के बाद थाईलैंड पहुंचे 5 हजार अमेरिकी सैनिक
बैंकॉक: अमेरिकी नौसेना का विमानवाहक पोत USS Abraham Lincoln बुधवार 2 सितंबर को थाईलैंड के लाम चाबांग बंदरगाह पहुंच गया। जहाज पर करीब 5,000 अमेरिकी नाविक और मरीन मौजूद हैं। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक पोत की तैनाती शुरू होने के बाद यह उसका पहला पूर्ण पोर्ट स्टॉप है और वह 286 दिनों के लंबे अभियान के बाद थाईलैंड पहुंचा है। इससे पहले लगातार 200 से अधिक दिन समुद्र में रहने की खबरें सामने आई थीं।
अमेरिकी सैनिकों के बड़ी संख्या में पटाया पहुंचने की संभावना को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। खासकर शहर के समुद्र तट और नाइटलाइफ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। वेश्यावृत्ति के संदेह में पुलिस ने छापेमारी भी तेज कर दी है। सप्ताहांत में हुई कार्रवाई के दौरान करीब 40 से 50 लोगों को हिरासत में लिया गया था।
पांच दिन थाईलैंड में रुकेगा अमेरिकी दल
USS Abraham Lincoln के साथ अन्य अमेरिकी नौसैनिक जहाज भी थाईलैंड पहुंचे हैं। अमेरिकी सैन्यकर्मियों को पांच दिनों तक आराम और मनोरंजन का मौका मिलेगा। हालांकि सभी 5,000 जवान एक साथ जहाज से बाहर नहीं आएंगे। सुरक्षा और जहाज के संचालन को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग समूहों में उन्हें शोर लीव दी जाएगी। पटाया पुलिस ने पहले ही बीचफ्रंट और प्रमुख नाइटलाइफ इलाकों में गश्त बढ़ा दी है। स्थानीय पुलिस प्रमुख अनेक श्रीथोंगयू के मुताबिक सार्वजनिक स्थानों पर अवैध गतिविधियों को रोकने की कोशिश की जा रही है। थाईलैंड में वेश्यावृत्ति गैरकानूनी है, हालांकि पटाया और बैंकॉक के कुछ पर्यटन क्षेत्रों में सेक्स इंडस्ट्री लंबे समय से दिखाई देती रही है।
मध्य पूर्व में लंबी तैनाती
USS Abraham Lincoln ने नवंबर 2025 में सैन डिएगो से अपना अभियान शुरू किया था। बाद में इसे मध्य पूर्व भेज दिया गया, जहां उसने ईरान युद्ध से जुड़े अमेरिकी सैन्य अभियानों में हिस्सा लिया। लंबे समय तक समुद्र में रहने के कारण जहाज पर मौजूद सैन्यकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य और सुविधाओं को लेकर भी चिंता की खबरें सामने आई थीं। थाईलैंड में यह पड़ाव मुख्य रूप से जवानों को आराम देने और लॉजिस्टिक जरूरतों के लिए है। थाई अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस दौरे को मध्य पूर्व के संघर्ष से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।
पटाया के कारोबारियों को कमाई की उम्मीद
करीब पांच हजार अमेरिकी सैन्यकर्मियों की मौजूदगी से पटाया के पर्यटन और स्थानीय कारोबार को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। पटाया के मेयर पोरामास नगमपिचेस के मुताबिक एक अमेरिकी सैन्यकर्मी प्रतिदिन लगभग 1,000 से 3,000 थाई बाट खर्च कर सकता है। इससे होटल, रेस्तरां, दुकानें और मनोरंजन कारोबार को अल्पकालिक बढ़ावा मिलने की संभावना है।
सैन्यकर्मियों को लाम चाबांग बंदरगाह से पटाया लाने और वापस ले जाने के लिए करीब 40 बसों की व्यवस्था की गई है। स्थानीय दुकानदारों ने भी संभावित ग्राहकों को देखते हुए तैयारियां बढ़ा दी हैं। दूसरी तरफ अधिकारियों और विशेषज्ञों ने यौन शोषण तथा स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों को लेकर चिंता जताई है। इसी वजह से पुलिस नाइटलाइफ इलाकों में निगरानी और छापेमारी बढ़ा रही है। अमेरिकी नौसैनिक दल का यह दौरा जहां पटाया के कारोबार के लिए आर्थिक अवसर लेकर आया है, वहीं प्रशासन के लिए कानून-व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती बन गया है।
Next Story





