विश्व

लगातार हो रहे रूसी हमले के बीच यूक्रेन में मार्शल लॉ घोषित, लोगो से अपील घबराएं नहीं

Admin Delhi 1
24 Feb 2022 1:05 PM IST
लगातार हो रहे रूसी हमले के बीच यूक्रेन में मार्शल लॉ घोषित, लोगो से अपील घबराएं नहीं
x

यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने देश में मार्शल लॉ घोषित कर दिया है। उन्होंने नागरिकों से रूस के सैन्य अभियानों के बीच शांत रहने की अपील की है। वीडियो संबोधन में जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने डोनबास क्षेत्र में विशेष सैन्य अभियान की घोषणा की है और मिलिट्री इंफ्रास्ट्रक्चर व बॉर्डर गार्ड्स पर हमले कर रहा है। जेलेंस्की ने कहा कि हम अपने देश के पूरे क्षेत्र में मार्शल लॉ लागू कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से बात की और वाशिंगटन ने पहले ही अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा, "आप सभी को घबराने की जरूरत नहीं है। हो सके तो घर पर रहें। हम काम कर रहे हैं। सेना काम कर रही है। रक्षा और सुरक्षा का पूरा क्षेत्र काम कर रहा है।"

मार्शल लॉ एक नागरिक सरकार की बजाय सेना की ओर से लागू होने वाला कानून है। आमतौर पर देश में किसी भी तरह की आपातकालीन स्थिति में इसे लागू किया जाता है। किसी संकट की प्रतिक्रिया में या फिर कब्जे वाले क्षेत्र को नियंत्रण में लेने के लिए किसी देश में मार्शल लॉ घोषित किया जाता है। मार्शल लॉ घोषित होते ही नागरिक स्वतंत्रता और उनके मूल अधिकार एक तरह से रद्द हो जाते हैं। ऐसे में नागरिक स्वतंत्रता से जुड़े मूल अधिकार जैसे कि मुक्त आवाजाही, बोलने की स्वतंत्रता, अनुचित खोजों से सुरक्षा और बंदी प्रत्यक्षीकरण कानून पर पाबंदी लगा दी जाती है। बता दें कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को यूक्रेन में सैन्य अभियान की घोषणा की। साथ ही उन्होंने अन्य देशों को चेतावनी दी कि रूसी कार्रवाई में किसी प्रकार के हस्तक्षेप के प्रयास ''के ऐसे परिणाम होंगे, जो उन्होंने पहले कभी नहीं देखे होंगे।


पुतिन ने कहा कि यह हमला पूर्वी यूक्रेन में नागरिकों की सुरक्षा के लिए जरूरी था। हालांकि इस दावे को लेकर अमेरिका ने पहले ही आशंका व्यक्त की थी कि रूस हमले को गलत तरीके से जायज ठहराने का प्रयास करेगा। यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि रूस के आक्रामक सैन्य अभियान का उद्देश्य यूक्रेनी राज्य को नष्ट करना, बल द्वारा यूक्रेनी क्षेत्र को जब्त करना और कब्जा करना है। बयान के अनुसार, रूसी सेना अस्थायी रूप से कब्जे वाले डोनबास और क्रीमिया के साथ-साथ पूर्वोत्तर क्षेत्र सहित विभिन्न दिशाओं से यूक्रेनी शहरों पर हमला कर रही है।

Next Story