विश्व

भारत के 73वें गणतंत्र दिवस पर ब्रिटेन समेत कई देशों ने दी शुभकामनाएं

Gulabi
26 Jan 2022 5:05 PM GMT
भारत के 73वें गणतंत्र दिवस पर ब्रिटेन समेत कई देशों ने दी शुभकामनाएं
x
ब्रिटेन समेत कई देशों ने दी शुभकामनाएं
आइएएनएस। देश आज 73वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। 73वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मौके पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जानसन ने भारत के लोगों को बधाई दी। उन्होंने यूके और भारत के संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि, दोनों देशों के संबंध दशकों से चले आ रहे हैं, दोनों ही मुल्कों ने पीढ़ी दर पीढ़ी बड़ी चुनौतियों का सामना किया है। मैं भारत के गणतंत्र दिवस के मौके पर यूके की ओर से भारत के लोगों और सभी ब्रिटिश भारतीयों को अपनी शुभकामनाएं देता हूं.
गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री बोरिस जानसन ने भारत और यूके के बीच मुक्त व्यापार समझौते और ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका द्वारा कोरोना वैक्सीन के संयुक्त निर्माण को भी याद किया। उन्होंने कहा कि, पिछले कुछ वक्त से हमनें चुनौतियों का सामना किया है। दो विविध लोकतंत्रों के रूप में, मुझे हमारी मजबूत दोस्ती पर गर्व है। मैं हमारे रिश्तों को अगले 75 वर्षों और उससे आगे के लिए एक साथ समृद्ध होने के लिए और मजबूत करने के लिए तत्पर हूं।
लंदन, प्रेट्र। ब्रिटेन, आस्ट्रेलिया, नेपाल और बांग्लादेश समेत कई देशों ने भारत के 73वें गणतंत्र दिवस पर भारतीय नागरिकों को बधाई दी है। भारतीय लोकतंत्र की गहरी जड़ों से अभिभूत इन देशों ने भारत की आर्थिक और वैज्ञानिक उपलब्धियों को भी सराहा है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जानसन ने गणतंत्र दिवस पर भारतीयों को बधाई देते हुए कहा कि विविध लोकतंत्र के बावजूद दोनों देशों की मित्रता बहुत गहरी है और उन्हें इस पर गर्व है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच दोस्ती के गहरे रिश्ते अगले 75 सालों तक और उसके आगे भी रहेंगे। उन्होंने कहा कि आक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनिका वैक्सीन का उत्पादन ब्रिटेन और भारत के साझा प्रयासों का नतीजा है। वह चाहते हैं कि आने वाले सालों में दोनों देशों की महत्वाकांक्षाएं, लोग और अर्थव्यवस्थाएं एक साथ मिलकर और मजबूत हों।
आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्काट मारिसन ने भी भारत को गणतंत्र दिवस के साथ ही आस्ट्रेलिया डे की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारत में आस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त बैरी ओ फैरल को भेजे वीडियो संदेश में कहा कि आस्ट्रेलियाई और भारतीयों के बीच बेमिसाल दोस्ती है। हम भी आपके साथ लोकतंत्र के इस त्योहार में शामिल हैं। नेपाल के राष्ट्रपति बिद्या देबी भंडारी, प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा और विदेश मंत्री नारायण खड़का ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विदेश मंत्री एस.जयशंकर को गणतंत्र दिवस की शुभ कामनाएं दीं। उन्होंने भारत में मनाए जा रहे आजादी के अमृत महोत्सव पर कहा कि वह भारत के लोगों की प्रगति और समृद्धि जारी रहने की कामना करते हैं।
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने प्रधानमंत्री मोदी को भेजे बधाई संदेश में कहा कि वर्ष 2021 बांग्लादेश और भारत की मित्रता के लिए ऐतिहासिक रहा है। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षो में दोनों देशों के बीच मित्रता, सहयोग और विश्वास बढ़ा है। सहयोग के नए आयाम खुल गए हैं। बुधवार को चीन स्थित भारतीय उच्चायोग में 73वें गणतंत्र दिवस का जश्न मनाया गया। इस अवसर पर मिशन के उप प्रमुख डा. एक्विनो विमल ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द का संदेश पढ़कर सुनाया और ध्वजारोहण किया।
Next Story