विश्व
मैनहट्टन: गगनचुंबी इमारत में ताबड़तोड़ फायरिंग, हमलावर समेत पांच की मौत
jantaserishta.com
29 July 2025 9:25 AM IST

x
न्यूयॉर्क: मैनहट्टन में स्थित एक गगनचुंबी इमारत में गोलीबारी की घटना सामने आई है, जिसमें हमलावर समेत पांच की मौत हो गई। सोमवार शाम एक बंदूकधारी ने 36 वर्षीय पुलिस अधिकारी और तीन अन्य लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि एक अन्य शख्स इस घटना में घायल हो गया। बंदूकधारी ने खुद को भी गोली मार ली।
पुलिस और कानून प्रवर्तन सूत्रों ने 'द पोस्ट' को बताया कि 27 वर्षीय हमलावर की पहचान शेन तमुरा के रूप में की है। यह शख्स 44 मंजिला इमारत में घुस गया, जहां ब्लैकस्टोन और नेशनल फुटबॉल लीग (एनएफएल) मुख्यालय है। इस शख्स ने शाम साढ़े छह बजे राइफल से गोलीबारी शुरू कर दी। एनवाईपीडी कमिश्नर जेसिका टिश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शेन तमुरा ने लॉबी में कदम रखते ही लोगों पर हमला शुरू कर दिया। सबसे पहले उसने अधिकारी दिदारुल इस्लाम को गोली मारी। हमलावर की 'मेंटल हेल्थ हिस्ट्री' रही है।
सूत्रों के अनुसार दिदारुल इस्लाम को पीठ में गोली लगी और अस्पताल में उनकी मौत हो गई। चार नागरिकों को भी गोली मारी गई, जिनमें से तीन की मौत हो गई। जेसिका टिश ने बताया कि इसके बाद तमुरा ने खंभे के पीछे छिपी एक महिला को गोली मारी और लॉबी में गोलियां चलाता रहा।
हमलावर यहीं नहीं रुका, वह लिफ्ट की तरफ बढ़ा और डेस्क के पीछे छिपे एक सुरक्षा गार्ड पर गोली चला दी। इसके बाद तमुरा लिफ्ट से 33वीं मंजिल पर पहुंचा, जहां रुडिन मैनेजमेंट का कार्यालय है। यहां उसने चलते-चलते गोलियां चलाईं, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई। फायरिंग के बाद, तमुरा ने खुद को उस गगनचुंबी इमारत के अंदर एक मंजिल पर बंद कर लिया और कुछ समय बाद उसे 33वीं मंजिल पर मृत पाया गया। सूत्रों के अनुसार उसने खुद को ही गोली मारी।
पुलिस ने तमुरा की राइफल, पाल्मेटो स्टेट आर्मरी एआर-15 असॉल्ट राइफल बरामद की, जो खून से सनी हुई थी। घटनास्थल पर तमुरा के नाम से रजिस्टर नेवादा नंबर की एक गाड़ी मिली। सूत्रों के मुताबिक तमुरा लास वेगास के एक कसीनो में सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करता था।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





