विश्व

19 नवंबर को होगा 580 सालों में सबसे लंबा आंशिक चंद्र ग्रहण, NASA करेगा लाइव स्ट्रीम

Gulabi
13 Nov 2021 6:06 AM GMT
19 नवंबर को होगा 580 सालों में सबसे लंबा आंशिक चंद्र ग्रहण, NASA करेगा लाइव स्ट्रीम
x
580 सालों में सबसे लंबा आंशिक चंद्र ग्रहण

आसमान में 19 नवंबर को आंशिक चंद्र ग्रहण (Partial lunar eclipse) दिखाई देने वाला है, जो इस साल का आखिरी चंद्र ग्रहण (Lunar Eclipse) भी होने वाला है. आखिरी बार इतना लंबा आंशिक ग्रहण 18 फरवरी, 1440 को हुआ था और अगली बार ऐसा ही 8 फरवरी, 2669 को होगा. आंशिक चंद्र ग्रहण तब होता है, जब पृथ्वी (Earth) सूर्य और चंद्रमा (Moon) के बीच आ जाता है. लेकिन इस दौरान ये एक सीधी रेखा में नहीं होता है. चंद्रमा का एक छोटा सा हिस्सा पृथ्वी की छाया से ढक जाता है और हमें एक लाल रंग का चंद्रमा दिखाई देता है. इसे फ्रॉस्ट मून और बीवर मून भी कहा जाता है.


आंशिक चंद्र ग्रहण उत्तरी अमेरिका, दक्षिण अमेरिका, पूर्वी एशिया, ऑस्ट्रेलिया और प्रशांत क्षेत्र में दिखाई देगा. भारत (Lunar Eclipse in India) में अरुणाचल प्रदेश और असम में एक छोटा सा हिस्सा इस आंशिक चंद्र ग्रहण को देख सकेगा. इसके अलावा, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के लोग चंद्र ग्रहण के अंतिम भाग को देख सकेंगे. चंद्र ग्रहण का अंतिम भाग तब दिखाई देता है, जब चंद्रमा, सूर्य और पृथ्वी अपूर्ण रूप से एक रेखा में आते हैं. इस दौरान चंद्रमा पृथ्वी की छाया के बाहरी हिस्से से होकर गुजरता है. इस घटना पर दुनियाभर के एस्ट्रोनोमर्स की भी नजर रहने वाली है.

कितने देर के लिए होगा आंशिक चंद्र ग्रहण
प्रेस इंफोर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने एक प्रेस रिलीज में बताया, आंशिक ग्रहण भारतीय मानक समय (IST) के लगभग 12:48 बजे शुरू होगा और 16:17 बजे IST पर समाप्त होगा. एमपी बिड़ला तारामंडल के अनुसंधान और अकादमिक निदेशक डॉ. देबिप्रसाद दुआरी ने बताया कि आंशिक ग्रहण की अवधि 3 घंटे 28 मिनट 24 सेकंड के लिए होगी, जिससे यह 21वीं सदी का सबसे लंबा और लगभग पिछले 600 वर्षों में सबसे लंबा ग्रहण बन जाएगा. अगला पूर्ण चंद्रग्रहण 16 मई 2022 को होगा, लेकिन यह भारत से दिखाई नहीं देगा. भारत में 8 नवंबर 2022 को पूर्ण चंद्र ग्रहण दिखेगा.

NASA का चंद्र ग्रहण का लाइव स्ट्रीम
अमेरिकी स्पेस एजेंसी NASA ने कहा कि आंशिक चंद्र ग्रहण पूरे चंद्र ग्रहण जितना शानदार नहीं हो सकता है, लेकिन वे अधिक बार होते हैं. इसका मतलब है कि हमारे सौर मंडल में छोटे बदलावों को देखने के अधिक अवसर होंगे. जो लोग इस खगोलीय घटना को देख नहीं पाएंगे, वे अपने घरों से बैठकर भी इसका लुत्फ उठा सकते हैं. इसके लिए NASA लाइव स्ट्रीम करेगा, जहां लोग आंशिक चंद्र ग्रहण को देख सकते हैं. 2021 का पहला चंद्र ग्रहण 26 मई को हुआ था और यह सुपरमून (Supermoon) और रेड ब्लड मून (Red Blood Moon) था.
Next Story