विश्व

फिलीपींस में वामको ने मचाई भीषण तबाही, 7 की मौत

Neha Dani
13 Nov 2020 7:59 AM GMT
फिलीपींस में वामको ने मचाई भीषण तबाही, 7 की मौत
x

FILE PIC 

फिलीपींस के मुख्य द्वीप लूजॉन में टाइफून वामको से मरने वालों की संख्‍या बढ़कर सात हो गई है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क| फिलीपींस के मुख्य द्वीप लूजॉन में टाइफून वामको से मरने वालों की संख्‍या बढ़कर सात हो गई है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक चार लोग अभी भी लापता हैं। फिलीपींस के मरीकिना सिटी और रिजाल प्रांत सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्र हैं। इस इलाके में बड़े पैमाने पर बाढ़ के कारण सैकड़ों लोग फंसे हुए हैं। बुधवार से गुरुवार तक वामको टाइफून ने 11 करोड़ घरों को प्रभावित किया है। टाइफून ने फिलीपींस के लूजोन द्वीप के बड़े हिस्‍से को क्षतिग्रस्‍त किया है। इसके पूर्व इस वर्ष टाइफून गोनी ने बड़े पैमाने पर जान-माल से क्षति हुई थी।

वामको ने थामी मेट्रो की रफ्तार

11 दिनों के भीतर फिलीपींस में तीसरे शक्तिशाली चक्रवात टाइफून वामको ने दस्‍तक दी है। वामको के चलते देश के कई हिस्‍सों में बुधवार की रात तेज हवाओं के साथ जमकर बारिश हुई। कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। अत्‍यधिक बारिश के कारण कई आस-पास के इलाके जलमग्न हो गए। बाढ़ ग्रस्‍त इलाके में बचाव कार्य जारी है। देश की राजधानी मनीला के कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति में बाधा पहुंची। इससे मेट्रों के संचालन में बाधा उत्‍पन्‍न हुई। बता दें कि प्रशांत रिंग ऑफ फायर में स्थित होने के कारण फिलीपींस दुनिया में सबसे अधिक आपदा-प्रवण देशों में से है। यहां सक्रिय ज्वालामुखी, लगातार भूकंप और वर्ष में औसतन 20 टाइफून आना तय है।

राष्ट्रपति रोड्रिगो ने प्रभावित इलाकों को हवाई निरीक्षण किया

राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते ने प्रभावित इलाकों को हवाई निरीक्षण किया। उन्‍होंने कहा कि मैंने सभी स्‍थानीय प्रशासन को मदद के लिए तत्‍पर रहने को कहा है। राष्‍ट्रपति ने कहा कि पीड़‍ित क्षेत्र की भलाई और सुरक्षा हमारी सर्वोच्‍च प्राथमिकता है। राष्ट्रपति ने लोगों को आश्वासन दिया कि सरकार आश्रय स्‍थलों पर राहत सामन और वित्‍तीय सहायता के लिए संकल्‍प‍ित है। इस संकट की घड़ी में सरकार मदद करने में पीछे नहीं हटेगी।

उत्‍तरी प्रांतों में लैंडफॉल से धान की खेती को बड़ा नुकसान

मंगलवार को मौसम विभाग ने चेतावनी दी थी कि 'वाकमो' (Typhoon Vamco) तूफान के चलते पोलिलियो द्वीप में जबरदस्‍त लैंडफॉल हो सकता है। इसके चलते देश के उत्‍तरी प्रांतों में धान की खेती को बड़ा नुकसान होगा। पोलीलियो की मेयर क्रिस्टीना बोस्क ने कहा कि तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को घरों को छोड़ने का आदेश दिया गया है। उन्‍होंने कहा कि वाकमो कोरोना महामारी के लिए तैयार किए गए केंद्रों के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। वियतनाम की मौसम विभाग ने रविवार को वामको के दस्‍तक का दावा किया था। इसके चलते वियतनाम में तीव्र बारिश की आशंका व्‍यक्‍त की गई है। पिछले महीने बाढ़ और भूस्खलन ने वियतनाम में कम से कम 160 लोगों की जान ले ली, दर्जनों लोग लापता हैं। कई घर क्षतिग्रस्त हुए थे।

Next Story