विश्व
TV प्रोग्राम से प्लेन उड़ाना सीखा, असली संकट में यात्री ने संभाला कॉकपिट
jantaserishta.com
1 Oct 2026 12:51 PM IST

x
नई दिल्ली: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में उस समय बड़ा संकट खड़ा हो गया, जब कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच मारपीट हो गई। एक पायलट के घायल होने के बाद यात्री यानिव हायून कॉकपिट में पहुंचे और हमलावर को कंट्रोल से दूर किया। बाद में विमान एक तरफ तेजी से झुकने लगा तो हायून ने दोबारा कॉकपिट में जाकर विमान को संभाला। खास बात यह है कि उन्होंने विमान उड़ाने की जानकारी एक टीवी कार्यक्रम से सीखी थी। घटना के बाद उन्होंने खून से सने कपड़ों में इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू से मुलाकात की।
कॉकपिट में पायलट पर हुआ हमला
घटना उस समय शुरू हुई जब कॉकपिट में मौजूद ओमानी पायलट ने भारतीय को-पायलट कैप्टन स्मित मछार पर हमला कर दिया। इस हमले में मछार घायल हो गए। हमलावर ने दोनों पायलटों की सीट के बीच बैठकर विमान का कंट्रोल अपने हाथ में लेने की कोशिश की। इसी दौरान घायल कैप्टन मछार ने बेहोश होने से पहले कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इससे बाहर मौजूद यात्रियों को कॉकपिट तक पहुंचने का मौका मिला।
यानिव हायून ने हमलावर को कंट्रोल से हटाया
यानिव हायून ने बताया कि उन्हें कॉकपिट से चीखने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद वह एक अन्य यात्री के साथ वहां पहुंचे। अंदर उन्होंने घायल पायलट को दरवाजे के पास पड़ा देखा।हायून ने हमलावर पायलट से भिड़कर उसे विमान के कंट्रोल से दूर खींच लिया। इस दौरान उनके कपड़ों पर खून भी लग गया।
कैप्टन स्मित मछार ने हमले के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया था, जिससे यात्रियों और क्रू के सदस्यों को अंदर पहुंचकर हमलावर को काबू करने में मदद मिली।
विमान झुका तो हायून ने फिर संभाला कंट्रोल
हमलावर को काबू करने के बाद भी खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ था। कुछ देर बाद विमान तेजी से एक तरफ झुकने लगा। स्थिति को देखते हुए यानिव हायून फिर कॉकपिट में पहुंचे और विमान का कंट्रोल संभाल लिया। उन्होंने कंट्रोल को पीछे की तरफ खींचा, जिससे विमान को दोबारा संतुलित करने में मदद मिली।
हायून ने बताया कि विमान उड़ाने की जानकारी उन्होंने किसी औपचारिक पायलट ट्रेनिंग से नहीं, बल्कि एक टीवी कार्यक्रम देखकर सीखी थी।
विमान 34 हजार फीट से अचानक नीचे आया
घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजे की बताई गई है। विमान में कुल 174 यात्री सवार थे, जिनमें 27 बच्चे शामिल थे। इनमें ज्यादातर यात्री इजराइली थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के दौरान विमान करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई पर था। इसके बाद यह तेजी से नीचे आया और करीब 16,600 से 17 हजार फीट तक पहुंच गया। विमान की दिशा सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट की तरफ मोड़ी गई, जहां बाद में उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
इमरजेंसी और हाईजैक के संकेत भेजे गए
विमान की ओर से पहले 7700 कोड भेजा गया, जिसे इमरजेंसी का संकेत माना जाता है। इसके कुछ सेकंड बाद 7500 कोड भेजा गया, जो हाईजैक की स्थिति का संकेत है। इजराइली मीडिया के मुताबिक, ओमानी पायलट ने विमान को जमीन की ओर मोड़ने की कोशिश की थी। यात्रियों और क्रू के सदस्यों ने कॉकपिट तक पहुंचकर उसे काबू किया।
विमान में सादे कपड़ों में दो अन्य पायलट भी मौजूद होने की बात यात्रियों ने बताई। इनमें से एक ने बाद में विमान का कंट्रोल संभाला।
घायल पायलट की हालत गंभीर थी
कॉकपिट में पहुंचे एक यात्री ने बताया कि वहां एक पायलट घायल अवस्था में मिला था। उसके हाथ में फोल्डिंग चाकू था और कॉकपिट में खून फैला हुआ था। घायल कैप्टन स्मित की हालत गंभीर बताई गई। विमान में मौजूद एक इजराइली डेंटिस्ट ने उनका इलाज करने में मदद की।
हाईजैक अलर्ट मिलने के बाद इजराइली एयरफोर्स ने फाइटर जेट भी रवाना किए। वहीं प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की।
नेतन्याहू ने यानिव हायून को बताया हीरो
घटना के बाद यानिव हायून खून से सने कपड़ों में इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू से मिलने पहुंचे। नेतन्याहू ने उनकी बहादुरी की तारीफ की और उन्हें हीरो बताया। नेतन्याहू ने घायल कैप्टन स्मित मछार की भी बहादुरी की सराहना की। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मछार ने हमलावर का सामना किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलकर यात्रियों तथा क्रू को अंदर आने का मौका दिया।
विमान को बाद में सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। इस घटना की जांच में इजराइली एजेंसियों के साथ शिन बेट, मोसाद, सेना और परिवहन मंत्रालय के शामिल होने की बात सामने आई है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





