विश्व
'लीडर ऑफ एंटी इंडिया प्रोपेगेंडा', अमेरिका में राहुल गांधी के बयान की भाजपा ने की आलोचना
jantaserishta.com
18 Nov 2026 11:42 AM IST

x
नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच से भारतीय अर्थव्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि देश एक "आर्थिक आपदा" की ओर बढ़ रहा है तथा बड़ी बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि रोजगार सृजन और शिक्षा क्षेत्र की समस्याएं देश के विकास के सामने बड़ी बाधा बनी हुई हैं।
राहुल गांधी के बयानों की भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी आलोचना की है। भाजपा ने राहुल गांधी पर विदेशी धरती पर देश को बदनाम करने का आरोप लगाया है। अमेरिका के दो दिवसीय दौरे के दौरान राहुल गांधी ने मंगलवार (स्थानीय समय) को कोलंबिया यूनिवर्सिटी में यह बात कही। वहां वे मॉडरेटर लिडिया पोलग्रीन द्वारा भारत के युवाओं से जुड़े एक सवाल का जवाब दे रहे थे।
राहुल गांधी ने बातचीत के दौरान कहा, "सीधी बात यह है कि भारत एक आर्थिक आपदा की कगार पर खड़ा है। यही हकीकत है। आप इसे नजरअंदाज कर सकते हैं, मीडिया इसे नजरअंदाज कर सकता है, लेकिन भारत में बेरोजगारी की एक बहुत बड़ी समस्या है। भारत की शिक्षा व्यवस्था में भी बहुत बड़ी समस्या है।"
उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात को लेकर निराशा जताने वाले कुछ युवा मध्यमवर्गीय परिवारों से आते हैं और उन्होंने औपचारिक शिक्षा भी हासिल की है। युवाओं के बीच बढ़ती निराशा का मुख्य कारण यह है कि उन्हें अपना भविष्य उज्ज्वल नजर नहीं आ रहा है।
इसी बातचीत के दौरान, गांधी ने अपने "वोट चोरी" वाले आरोपों को फिर दोहराया और भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "140 मिलियन (14 करोड़) लोग, जो 2024 में वोट दे सकते थे, उन्हें मतदाता सूची से हटा दिया गया है। हम चुनाव आयोग से पूछते हैं, इन हालात में चुनाव को वैध कैसे माना जा सकता है? फिर भी, वे इस पर चुप हैं। चुनावी व्यवस्था में सुधार किए बिना कुछ नहीं होगा। हम इस पर काम कर रहे हैं। हमारे पास चुनावी धांधली के पुख्ता सबूत हैं।"
राहुल गांधी ने आगे कहा, "सिस्टम के भीतर के लोग डर के कारण हमसे बात कर रहे हैं। मुझे डर है कि अगर दबाव एक हद से ज्यादा बढ़ गया, तो सरकार इसके जवाब में हिंसा का सहारा ले सकती है। पहले डर का माहौल था, लेकिन अब लोगों ने डरना छोड़ दिया है। इसमें छात्र आंदोलन ने अहम भूमिका निभाई है।"
राहुल गांधी के बयान पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने 'एक्स' पर लिखा, "राहुल गांधी भारत-विरोधी प्रचार (लीडर ऑफ एंटी इंडिया प्रोपेगेंडा) के नेता बन गए हैं। भारत की प्रगति और भारतीय लोकतंत्र के प्रति उनकी नफरत ही है, जिसकी वजह से वे जब भी विदेश जाते हैं, तो भारत के बारे में बुरा-भला कहते हैं!"
उन्होंने आगे कहा, "एक तरफ, जहां पूरी दुनिया मानती है कि भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और भारतीय लोकतंत्र का सम्मान करती है, वहीं दूसरी तरफ राहुल भारत को 'आर्थिक आपदा' बताते हैं!"
TagsRahul Gandhi
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





