विश्व

नेता मिन आंग लैंग: सूकी होंगी कोर्ट में पेश, म्यांमार के संविधान में जल्द होगा संशोधन

Kunti Dhruw
22 May 2021 4:02 PM GMT
नेता मिन आंग लैंग: सूकी होंगी कोर्ट में पेश, म्यांमार के संविधान में जल्द होगा संशोधन
x
म्यांमार में सत्तारूढ़ जुंटा के नेता मिन आंग लैंग ने कहा है

यंगून, म्यांमार में सत्तारूढ़ जुंटा के नेता मिन आंग लैंग ने कहा है कि देश की सर्वोच्च नेता रहीं आंग सान सूकी अपने घर में पूरी तरह से स्वस्थ हैं। उन्हें जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा। म्यांमार में एक फरवरी को तख्तापलट कर सत्ता पर कब्जे के बाद लैंग का यह पहला साक्षात्कार है। वीडियो लिंक के जरिये लिया गया यह साक्षात्कार हांगकांग के फीनिक्स टेलीविजन पर प्रसारित हुआ है।

म्यांमार में तख्तापलट के विरोध में 800 से ज्यादा लोग मारे गए
तख्तापलट के विरोध में म्यांमार की जनता सड़कों पर आ गई थी। विरोध को कुचलने की सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 800 से ज्यादा लोग मारे गए, लेकिन देश में शांति अभी भी नहीं है। लैंग ने कहा कि इन प्रदर्शनों में 300 लोग मारे गए हैं। उग्र प्रदर्शनकारियों के हमलों में 47 पुलिसकर्मी भी मरे हैं। इसके अतिरिक्त शनिवार को ही जाडे शहर में सेना की चौकी पर हथियारबंद लोगों ने हमला किया। घटना में तीन सैनिक घायल हुए हैं, नौ सैनिकों को लोगों ने बंधक बना लिया है।
सत्तारूढ़ जुंटा के नेता लैंग ने कहा- देश के संविधान में संशोधन किया जाएगा
लैंग ने बताया कि जल्द ही देश के संविधान में संशोधन किया जाएगा। इसे लोगों के ज्यादा अनुकूल और व्यावहारिक बनाया जाएगा।
सेना ने फिर से चुनी हुई सरकार को हटाकर सत्ता पर कब्जा कर लिया
नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित सूकी के नेतृत्व में चले लंबे आंदोलन के बाद म्यांमार में लोकतंत्र की स्थापना हुई थी, लेकिन कुछ वर्षों के बाद सेना ने फिर से चुनी हुई सरकार को हटाकर सत्ता पर कब्जा कर लिया।
सूकी समेत चार हजार लोग कैद में हैं
सूकी और चार हजार अन्य लोग इस समय विभिन्न आरोपों में कैद हैं। सूकी पर अवैध रूप से वाकी-टाकी के इस्तेमाल का सैन्य सरकार ने आरोप लगाया है। इसी तरह के कुछ और आरोप सूकी पर हैं।
लैंग ने कहा- चुनाव में गड़बड़ियों के चलते सूकी को सत्ता में रहने का हक नहीं था
लैंग ने कहा, नवंबर 2020 में हुए चुनाव में सूकी की सत्तारूढ़ पार्टी ने गड़बड़ियां की थीं। इसलिए उन्हें सत्ता में रहने का हक नहीं था। देश के संविधान में जल्द संशोधन किया जाएगा और उसके बाद चुनाव करवाए जाएंगे।
लैंग ने कहा- सूकी की वीडियो लिंक के जरिये अदालत में होगी पेशी
लैंग ने बताया कि सूकी की सोमवार को वीडियो लिंक के जरिये अदालत में पेशी होगी। उन्हें अभी अपने वकील से बात करने की अनुमति नहीं दी गई है। देश में शांति कायम होने के बाद उन्हें वकील से बात करने की अनुमति दी जाएगी।


Next Story