विश्व

चक्रवात इटा के कारण 'भयानक' तूफान से भूस्खलन, 50 से ज्यादा की मौत

Neha Dani
7 Nov 2020 2:26 AM GMT
चक्रवात इटा के कारण भयानक तूफान से भूस्खलन, 50 से ज्यादा की मौत
x
मध्य अमेरिकी देश ग्वाटेमाला में ‘इटा’ तूफान ने दस्तक दी है

जनता से रिश्ता वेबडेस्क| मध्य अमेरिकी देश ग्वाटेमाला में 'इटा' तूफान ने दस्तक दी है जिसके चलते तेज बारिश और हवाओं के बाद कई जगह भूस्खलन हुए हैं। इसके चलते देश में 50 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। जबकि राष्ट्रपति एलेजांद्रो गियामट्टेई ने कहा है कि इस भूस्खलन के चलते देश के मध्य क्षेत्र में स्थित एक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा सान क्रिस्टोबल वेरापाज कस्बे पर गिर गया जहां सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं।

'इटा' चक्रवाती तूफान की वजह से ग्वाटेमाला में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जानकारी के मुताबिक एक अन्य पहाड़ी के ढहने से करीब 20 घर कीचड़ में दबकर रह गए हैं। जबकि सान क्रिस्टोबल वेरापाज गांव पहुंचने के सारे रास्ते बंद हो चुके हैं इसलिए बचाव दल को भी वहां पैदल ही जाना पड़ रहा है।

दरअसल, यह चक्रवात कमजोर होकर उष्णकटिबधीय दबाव में बदल गया और कैरेबियाई सागर में लौटने वाला ता लेकिन एक सप्ताह से मूसलाधार बारिश जारी है। इस कारण ग्वाटेमाला से पनामा तक बाढ़ के साथ भूस्खलन की घटनाएं हो रही हैं। इसी तूफान के चलते मंगलवार को पड़ोसी निकारागुआ में भी भूस्खलन हुआ था।

ग्वाटेमाला के राष्ट्रपति गियामट्टेई ने कहा कि आधे दिन में इतनी बारिश हो गई है जितनी यहां पूरे एक माह में होती है। हालांकि कुछ एजेंसियां मौतों की संख्या 70 से ज्यादा बता रही हैं।

अमेरिका, क्यूबा की तरफ होगा और खतरनाक

ग्वाटेमाला में श्रेणी-4 के तूफान के रूप में यहां 225 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं और तेज बारिश हो रही है। इसी वजह से बचाव दल को काफी दिक्कतें आ रही हैं।

अमेरिकी मौसम एजेंसी ने कहा है कि इटा तूफान अब भी मध्य अमेरिका में जानलेवा बाढ़ का कारण बना हुआ है। यह अब उत्तर-पूर्व में क्यूबा और अमेरिका के फ्लोरिडा प्रांत की तरफ बढ़ रहा है जो भीषण रूप ले सकता है।

होंडुरास में लगातार बढ़ रहा जलस्तर

लैटिन अमेरिकी देश होंडुरास में इस तूफान के चलते जलस्तर बढ़ना जारी है। घरों में पानी घुस गया है और लोग बचने के लिए घरों की छतों पर चढ़ गए हैं। यहां सरकार ने करीब 500 लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। ग्वाटेमाला और होंडुरास में लोग पानी भरी सड़कों से निकलकर बचाव के लिए मजबूर हैं। घर और गाड़ियां भी पानी में डूब गई हैं।


Next Story