विश्व

न्यूजीलैंड में भूस्खलन से मची तबाही, छुट्टी मनाने आए कई लोग लापता

jantaserishta.com
22 Jan 2026 10:46 AM IST
न्यूजीलैंड में भूस्खलन से मची तबाही, छुट्टी मनाने आए कई लोग लापता
x
वाशिंगटन: न्यूजीलैंड के बे ऑफ प्लेंटी क्षेत्र में माउंट मौंगानुई के नीचे स्थित एक हॉलिडे पार्क में गुरुवार को भूस्खलन हुआ, जिसमें कई लोग लापता हो गए। इनमें बच्चे भी शामिल हैं। यह हादसा उस समय हुआ, जब इलाके में भारी बारिश के बाद जमीन खिसक गई और छुट्टी मनाने आए लोगों के लिए बना कैंपग्राउंड मलबे की चपेट में आ गया। आपातकालीन प्रबंधन मंत्री मार्क मिचेल ने इस घटना को एक त्रासदी बताया। उन्होंने कहा कि बीचसाइड हॉलिडे पार्क में बचाव और खोज अभियान लगातार जारी है।
न्यूजीलैंड अग्निशमन एवं आपातकालीन विभाग के कमांडर विलियम पाइके ने बताया कि शुरुआत में बचाव दल को मलबे के नीचे से कुछ आवाजें सुनाई दी थीं, लेकिन बाद में कोई आवाज नहीं आई। अब तक किसी भी जीवित व्यक्ति के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय समय के अनुसार सुबह करीब 9:30 बजे यह भूस्खलन हुआ। मलबा कैंपर वैन, कारों, टेंटों, हॉट पूल और एक शॉवर ब्लॉक पर आ गिरा। इसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।
आपातकालीन सेवाएं अब भी यह सुनिश्चित करने में जुटी हैं कि कोई व्यक्ति इलाके में फंसा न रह गया हो। यह भूस्खलन टौरंगा शहर में रिकॉर्ड तोड़ बारिश के बाद हुआ। आंकड़ों के अनुसार, सुबह 9 बजे तक के 24 घंटों में वहां 270 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
भारी बारिश और बाढ़ ने नॉर्थ आइलैंड के कई हिस्सों को रातभर प्रभावित किया। हजारों लोग बिजली के बिना रह गए हैं, जबकि पूर्वी तट और नॉर्थलैंड के कुछ इलाकों में समुदायों का संपर्क कट गया है। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने प्रभावित इलाकों के लोगों से स्थानीय प्रशासन की सुरक्षा सलाह मानने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "नॉर्थ आइलैंड में मौसम खतरनाक हालात पैदा कर रहा है। सरकार प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद कर रही है।"
माउंट मौंगानुई क्षेत्र में इस हफ्ते भीषण तूफान और बाढ़ का असर देखा गया है। यहां 12 घंटों में ढाई महीने के बराबर बारिश दर्ज की गई, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। स्थानीय मेयर माहे ड्राइसडेल ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि इस समय उनकी प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करना है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story