
Taipei तायपेई: ताइवान की राजधानी ताइपे में शुक्रवार शाम को एक बदमाश ने एक भयानक अपराध को अंजाम दिया। उसने ताइपे शहर के मुख्य रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक सबवे में यात्रियों पर हमला किया। हमलावर ने अचानक स्मोक बम फेंके और चाकू से हमला कर दिया, जिससे हड़कंप मच गया। इस हमले में कुल 14 लोग घायल हुए, जिनमें से तीन की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बाकी 11 लोगों का इलाज जारी है, और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हमले के बाद, हमलावर पुलिस से बचने के लिए एक ऊंची इमारत से कूद गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। इस घटनाक्रम ने ताइपे में दहशत फैला दी और स्थानीय अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हमलावर की पहचान की जा रही है और वह पहले से मानसिक रूप से अस्वस्थ था। यह घटना ताइवान में सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है और इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी पुनः विचार किया जा रहा है।





