
वर्ल्ड : अमेरिका में भारतीय मूल के प्रभावशाली सांसद रो खन्ना ने शुक्रवार को कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा से अयोग्यता गांधीवादी दर्शन और भारत के गहरे मूल्यों के साथ गहरा विश्वासघात है। रो खन्ना ने ट्वीट कर कहा, 'यह वह नहीं है, जिसके लिए मेरे दादाजी ने अपनी जिंदगी के कई वर्ष जेल में कुर्बान कर दिए थे।'
रो खन्ना अमेरिका की प्रतिनिधि सभा में सिलिकान वैली का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह भारत और भारतीय-अमेरिकियों पर अमेरिकी संसद के काकस के सह-अध्यक्ष हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से इस मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है।
एक अन्य ट्वीट में रो खन्ना ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र के हित में आपके पास इस फैसले को पलटने की शक्ति है। वहीं, अमेरिका में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के उपाध्यक्ष जार्ज अब्राहम ने राहुल की अयोग्यता को भारत में लोकतंत्र के लिए एक दुखद दिन करार दिया।
केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू ने इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता से अयोग्यता पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस अब इसके लिए भाजपा को दोषी ठहराएगी और न्यायपालिका की आलोचना भी करेगी। रिजिजू ने इंटरनेट मीडिया पर कहा कि राहुल गांधी को अत्यंत अपमानजनक और गैरजिम्मेदाराना टिप्पणी करने की सलाह हमने नहीं दी।
