विश्व

FBI के नए डायरेक्टर काश पटेल ने संभाला पद

Nilmani Pal
22 Feb 2025 8:00 AM IST
FBI के नए डायरेक्टर काश पटेल ने संभाला पद
x
पढ़े पूरी खबर

अमेरिका। भारतवंशी और डोनाल्ड ट्रंप के वफादार काश पटेल ने शनिवार को अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी (FBI) के निदेशक के पद की शपथ ली. इस दौरान उन्होंने गीता पर हाथ रखकर पद की जिम्मेदारी संभाली. पटेल एफबीआई का नेतृत्व करने वाले नौवें व्यक्ति बने हैं.

शपथ ग्रहण समारोह वॉशिंगटन डीसी स्थित व्हाइट हाउस परिसर के आइजनहावर एग्जीक्यूटिव ऑफिस बिल्डिंग में आयोजित किया गया. अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पैम बॉन्डी ने उन्हें पद की शपथ दिलाई. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने काश पटेल की नियुक्ति की सराहना की और एफबीआई एजेंटों के बीच उनकी लोकप्रियता को इसका कारण बताया.

ट्रंप ने कहा कि मैं काश पटेल को इसलिए पसंद करता हूं और इस पद पर नियुक्त करना चाहता था क्योंकि एजेंसी के एजेंट उनका सम्मान करते हैं. उन्होंने कहा कि वह इस पद पर अब तक के सबसे बेहतरीन व्यक्ति साबित होंगे. उनकी नियुक्ति बेहद आसान रही. वह मजबूत और दृढ़ विचारों वाले हैं. ट्रे गौडी ने भी उनकी तारीफ की और कहा कि लोग काश पटेल की काबिलियत को समझ नहीं पाते. काश पटेल की नियुक्ति को अमेरिकी सीनेट से 51-49 मतों के अंतर से मंजूरी मिली. हालांकि, दो रिपब्लिकन सीनेटर- सुसान कॉलिन्स (मेन) और लिसा मुर्कोव्स्की (अलास्का) ने डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर उनके खिलाफ मतदान किया.

Next Story