विश्व

बलूचिस्तान में KAAD का दूसरा हमला, 9 पाकिस्तानी सैनिकों को मारने का दावा

Tulsi Rao
29 Sept 2026 10:20 AM IST
बलूचिस्तान में KAAD का दूसरा हमला, 9 पाकिस्तानी सैनिकों को मारने का दावा
x

इस्लामाबाद। बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना के खिलाफ सक्रिय सशस्त्र संगठनों की गतिविधियों के बीच महिला लड़ाकों की भूमिका भी सामने आ रही है। बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (BLF) से जुड़ी महिला विंग ‘करीमा आर्म्ड असॉल्ट डिवीजन’ (KAAD) ने पाकिस्तानी सेना के एक काफिले पर हमला करने का दावा किया है। संगठन का कहना है कि यह KAAD का दूसरा अभियान था, जिसमें 9 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए।

BLF के अनुसार हमला बलूचिस्तान के कलात जिले के मंगोचर इलाके में किया गया। संगठन ने दावा किया कि महिला लड़ाकों ने पाकिस्तानी सेना के वाहनों को निशाना बनाया और इस कार्रवाई में कई अन्य जवान घायल भी हुए। हालांकि संगठन की ओर से किए गए इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

BLF ने इस कार्रवाई से जुड़ा एक वीडियो भी जारी किया है। वीडियो में महिला लड़ाकों को अलग-अलग स्थानों पर अभियान की तैयारी और हथियारों के साथ नजर आते हुए दिखाया गया है। फुटेज के एक हिस्से में एक महिला कमांडर अपनी टीम को मिशन की जानकारी देती दिखाई देती है, जबकि दूसरे हिस्से में लड़ाकों को सैन्य वाहनों की ओर फायरिंग करते दिखाया गया है।

संगठन का दावा है कि तुर्बत के जोसक क्षेत्र में CPEC मार्ग पर क्विक रिएक्शन फोर्स के काफिले को भी निशाना बनाया गया। इसके अलावा मंगोचर क्षेत्र में वाहनों को रोककर जांच करने के दृश्य भी वीडियो में दिखाए गए हैं।

KAAD को BLF की नई महिला लड़ाकू इकाई बताया जा रहा है। संगठन का दावा है कि महिला सदस्यों को हथियार चलाने और विशेष अभियानों की ट्रेनिंग दी गई है। हालिया वीडियो में भी प्रशिक्षण और ऑपरेशन से जुड़े दृश्य शामिल किए गए हैं।

बलूचिस्तान में लंबे समय से सुरक्षा बलों और अलगाववादी संगठनों के बीच हिंसक घटनाएं सामने आती रही हैं। अब महिला लड़ाकों की सक्रिय भागीदारी का दावा इस संघर्ष में एक नए घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। पाकिस्तानी सेना की ओर से फिलहाल इस हमले और हताहतों की संख्या को लेकर स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।

Next Story